मुगलसराय जंक्शन का नाम बदले जाने पर योगी के मंत्री बोले- क्या इससे समय पर आने लगेंगी ट्रेनें

punjabkesari.in Wednesday, Aug 08, 2018 - 10:27 AM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के मुगलसराय स्टेशन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्टेशन किए जाने के बाद योगी सरकार के कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सवाल उठा दिया है। उन्होंने कहा कि क्या नाम बदलने से ट्रेनें समय पर आने लगेगी। अकसर विवादित बयान देकर सुर्खियों में रहने वाले ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि सरकार को भारतीय रेल के कुप्रंबधन को ठीक करना चाहिए।

उल्लेखनीय है कि ओम प्रकाश राजभर ने इससे पहले भी कई बार अपनी ही सरकार को कठघरे में खड़ा कर चुके है। यही नहीं उन्होंने एक बार कह दिया था कि ये लोग 325 सीटों के नशे में पागल होकर घूम रहे हैं। भाजपा के आदर्श रहे पंडित दीनदयाल उपाध्याय 1968 में मुगलसराय जंक्शन पर ही संदिग्ध परिस्थितियों में मृत पाए गए थे। तभी से भाजपा और आरएसएस मुगलसराय जंक्शन का नाम बदलकर पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन किए जाने की मांग कर रहे थे।

केंद्र और राज्य में अलग-अलग दलों की सरकार होने की वजह से यह मांग पूरी नहीं हो पा रही थी। इस स्टेशन का नाम बदलने की राय सबसे पहले सीएम योगी आदित्यनाथ ने ही की थी। पिछले साल अगस्त में केंद्र सरकार ने प्रस्ताव को मंजूरी दी थी। वहीं, अब मुगलसराय रेलवे स्टेशन का नाम दीन दयाल जंक्शन रखा गया है।

Anil Kapoor