योगी का काम दिखता है, बोलता नहीं: यशवंत सिंह

punjabkesari.in Tuesday, Jan 30, 2018 - 08:34 AM (IST)

लखनऊ: पूर्व मंत्री यशवंत सिंह ने स्वतंत्रता सेनानियों की प्रति माह 5000 रुपए पैंशन वृद्धि के निर्णय को लेकर राज्य सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति हृदय से आभार जताया है। उन्होंने कहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का काम दिखता है, बोलता नहीं।

सोमवार को स्वतंत्रता रक्षक कल्याण समिति की ओर से प्रकाशित वर्ष 2018 के कैलेंडर का लोकार्पण करते हुए यशवंत सिंह ने कहा है कि योगी सरकार के इस निर्णय को लेकर स्वतंत्रता सेनानियों में बहुत उत्साह है। लोकार्पण समारोह को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री सिंह ने कहा कि वर्तमान समय में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत सरकार और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश सरकार देश को फिर से समृद्ध और सशक्त बनाने में लगी हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ लोग निजी स्वार्थ के तहत इस पवित्र प्रयास को बाधित करने के लिए साजिश कर रहे हैं। सेनानी इस साजिश का मुंहतोड़ जवाब दें। लोकार्पण समारोह की अध्यक्षता, रामसेवक यादव ने की। इस अवसर पर यमुना प्रसाद अवस्थी, देवेन्द्र सिंह, त्रिभुवन नारायण राय, दुर्गा प्रसाद, राम बक्श, आशीष कुमार अवस्थी, कमला प्रसाद अवस्थी, शिव कुमार अवस्थी ने भी मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया।