योगी सरकार का राज्य कर्मचारियों को दीवाली तोहफा, मिलेगा 30 दिन का बोनस

punjabkesari.in Thursday, Oct 12, 2017 - 12:04 PM (IST)

लखनऊ: यूपी की योगी सरकार ने राज्य कर्मचारियों को दीवाली का तोहफा देते हुए बोनस देने का फैसला किया। प्राप्त जानकारी के अनुसार मंत्रिमंडल की बैठक के बाद सरकार के प्रवक्ता ने बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यूपी सरकार के कर्मचारियों को 30 दिन का बोनस देने का ऐलान किया है। राज्य सरकार के इस फैसले से करीब 14 लाख कर्मचारियों को फायदा होगा।

जानकारी के अनुसार सीएम ने राज्य कर्मचारियों, सरकारी विभागों के कार्य प्रभारित कर्मचारियों और सहायता प्राप्त शिक्षण एवं प्राविधिक शिक्षण संस्थाओं, स्थानीय निकायों के कर्मचारियों तथा दैनिक वेतन भोगी कर्मचारियों को दीपावली पर्व की हार्दिक बधाई देते हुए वर्ष 2016-17 के लिए 30 दिन के तदर्थ बोनस दिए जाने की घोषणा की है।

उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार के इस निर्णय से तदर्थ बोनस के रूप में कर्मचारियों को 6908 रुपए तक की धनराशि प्राप्त होगी। इस निर्णय को लागू किए जाने के फलस्वरूप राज्य सरकार पर 967 करोड़ रुपए का व्ययभार आएगा। उन्होंने बताया कि इस सम्बन्ध में वित्त द्वारा शासनादेश जारी कर दिया गया है। प्रवक्ता ने कहा कि मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि राज्य सरकार के इस फैसले से कर्मियों का उत्साहवर्धन होगा, जिससे वे अपने दायित्वों का निर्वहन और मनोयोग से कर सकेंगे।