योगी सरकार 2.0: साधु-संतों के साथ ही विद्वान हस्तियां बढ़ाएंगे शपथ ग्रहण समारोह की शोभा, BJP 27 हजार शक्ति केन्द्रों से कार्यकर्ता आमंत्रित

punjabkesari.in Monday, Mar 21, 2022 - 09:18 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में योगी सरकार के दूसरे कार्यकाल के 25 मार्च को होने वाले शपथ ग्रहण समारोह से पहले न सिर्फ मंदिरों को चमकाया जायेगा बल्कि समारोह में साधु संतों की मौजूदगी कार्यक्रम को यादगार बनायेगी। शपथ ग्रहण समारोह को यादगार बनाने के लिये तैयारियां चरम पर है। इस सिलसिले में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने सोमवार को पार्टी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की। .

पार्टी के प्रदेश दफ्तर में आयोजित बैठक में फैसला लिया गया कि शपथ ग्रहण समारोह वाले दिन प्रदेश भर के मंदिरों में सफाई अभियान चलाया जायेगा और जन कल्याण के लिये विशेष प्रार्थना सभाओं का आयोजन होगा। पार्टी के मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित ने बताया कि अटल बिहारी वाजपेयी इकाना स्टेडियम पर होने वाले शपथ ग्रहण समारोह के लिये पार्टी कार्यकर्ताओं, विस्तारक, पदाधिकारी, महापौर, सांसद, विधायक और केन्द्रीय मंत्रियों को न्योता भेजा जा रहा है। इसके अलावा साधु संत और अन्य विद्वान हस्तियां कार्यक्रम की शोभा बढ़ायेंगी।       

उन्होंने कहा कि प्रदेश में भाजपा के करीब 27 हजार शक्ति केन्द्रों से कार्यकर्ताओं को आमंत्रित किया गया है जिसके लिये विशेष पास जारी किये जायेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने बताया कि सभी जिलों के कार्यकर्ता और पदाधिकारियों को शपथ ग्रहण समारोह के लिये आमंत्रित किया गया है। पदाधिकारियों को कार्यक्रम को निर्विघ्न संपन्न बनाने की जिम्मेदारी दी गयी है।       

गौरतलब है कि हाल ही में संपन्न विधानसभा चुनाव में भाजपा ने 37 साल पुराने रिकार्ड को तोड़ते हुये लगातार दूसरी बार सरकार बनाने का गौरव हासिल किया है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और अन्य मंत्री 25 मार्च को शपथ ग्रहण करेंगे। विश्वस्त सूत्रों के अनुसार शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी,गृह मंत्री अमित शाह,रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के अलावा भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री,केन्द्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता हिस्सा लेंगे। शपथ ग्रहण समारोह में बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो मायावती, समाजवादी पार्टी (सपा) संरक्षक मुलायम सिंह यादव, सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव, कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा समेत विपक्ष के कई वरिष्ठ नेताओं को न्योता भेजा गया है। इसके अलावा केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं के लाभार्थियों को भी शपथ ग्रहण समारोह में बुलाया गया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Mamta Yadav

Recommended News

Related News

static