''केंद्र में सपा-बसपा सरकार बनते ही बर्खास्त होगी योगी सरकार''

punjabkesari.in Sunday, Mar 31, 2019 - 04:44 PM (IST)

गोण्डाः उत्तर प्रदेश की गोण्डा संसदीय सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी और प्रदेश के पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह ने दावा किया है कि केंद्र में सपा और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकार बनने पर राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार बर्खास्त कर दी जायेगी। सिंह ने रविवार को यहां पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में यह दावा भी किया कि बसपा अध्यक्ष मायावती प्रधानमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 2022 से पहले ही प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे।

उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकारों को जुमलेबाज और झूठा बताया। पंडित सिंह ने कहा कि सपा-बसपा गठबंधन से घबराकर भाजपा के नेता अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं। सपा प्रत्याशी ने दावा किया कि गोण्डा की जनता के सहयोग से वह इस संसदीय सीट को सामंतवादियों के चंगुल से छुड़ाकर यहां विकास के नये आयाम स्थापित करेंगे।

सिंह ने आरोप लगाया कि बेरोजगारों को नौकरी नहीं देन और किसानों को गन्ना बकाये का भुगतान न करा पाने के कारण भाजपा अब आतंकवाद, राष्ट्रवाद और पाकिस्तान के नाम पर चुनावी दांव चल रही है।

Tamanna Bhardwaj