‘केंद्र में SP-BSP सरकार बनते ही बर्खास्त होगी योगी सरकार’

punjabkesari.in Sunday, Mar 31, 2019 - 03:15 PM (IST)

 

गोंडा: उत्तर प्रदेश की गोंडा संसदीय सीट से समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रत्याशी और प्रदेश के पूर्व मंत्री विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह ने दावा किया है कि केंद्र में सपा और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की सरकार बनने पर राज्य की योगी आदित्यनाथ सरकार बर्खास्त कर दी जाएगी।

सिंह ने पार्टी के कार्यकर्ता सम्मेलन में यह दावा भी किया कि बसपा अध्यक्ष मायावती प्रधानमंत्री और सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव 2022 से पहले ही प्रदेश के मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने केंद्र की मोदी सरकार पर निशाना साधते हुए भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकारों को जुमलेबाज और झूठा बताया। पंडित सिंह ने कहा कि सपा-बसपा गठबंधन से घबराकर भाजपा के नेता अनाप-शनाप बयान दे रहे हैं।

सपा प्रत्याशी ने दावा किया कि गोंडा की जनता के सहयोग से वह इस संसदीय सीट को सामंतवादियों के चंगुल से छुड़ाकर यहां विकास के नए आयाम स्थापित करेंगे। सिंह ने आरोप लगाया कि बेरोजगारों को नौकरी नहीं देन और किसानों को गन्ना बकाये का भुगतान न करा पाने के कारण भाजपा अब आतंकवाद, राष्ट्रवाद और पाकिस्तान के नाम पर चुनावी दांव चल रही है।

Anil Kapoor