तुलसीदास की जन्मस्थली सोरों का पर्यटन मानचित्र में लाएगी योगी सरकार

punjabkesari.in Monday, Jul 23, 2018 - 06:05 PM (IST)

एटा: धर्मग्रंथ रामायण के रचयिता गोस्वामी तुलसीदास की जन्मस्थली के तौर पर विख्यात उत्तर प्रदेश में एटा के सोरो को धार्मिक पर्यटन क्षेत्र के रूप में विकसित किया जायेगा।  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को यहां पत्रकारों से कहा कि धार्मिक दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्रों को पर्यटन क्षेत्र के तौर पर विकसित करने के लिये सरकार कृतसंकल्प है। इसके तहत रामनगरी अयोध्या और कान्हानगरी मथुरा को नगर निगम के रुप मे विकसित किया गया। सांस्कृतिक नगरी काशी के विकास को नए युग की शुरुआत कहा जा सकता है। पौराणिक नगरी चित्रकूट को भी विकसित किया गया है। इस क्रम में सोरो को तीर्थ स्थल के रूप में विकसित करने का निर्णय लिया है।  

उन्होने कहा कि पहले की सरकारों ने विकास नही किया। इसका उदाहरण है कि 1882 में स्थापित एटा जिला आज भी पिछडेपन का शिकार है। भाजपा की सरकार आने के बाद जिले में विकास योजनाओ को रफ्तार मिली है। यहां मेडिकल कालेेज बनने जा रहा है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत जिले के ग्रामीण क्षेत्र में 5494 और 748 शहरी क्षेत्र में आवास बने है। जिले में 349 करोड़ 28 लाख के कर्ज माफ किये गए है। एटा में 111644 शौचालय ग्रामीण क्षेत्र में बनाये गये है जबकि शहरी क्षेत्र में इसकी तादाद 3678 है। जल्द ही यह जिला प्रदेश के पर्यटन नक्शे पर जगह बनायेगा।   

मुख्यमंत्री ने कहा कि देवरिया में धर्म विशेष के नाम पर शिक्षण संस्थाओं के नामकरण को कतई बर्दाश्त नहीं किया जायेगा और जांच में दोषी लोगों के खिलाफ कडी कार्यवाही की जायेगी। प्रदेश में शिक्षको की हुई फर्जी नियुक्तियों में कार्यवाही की जाएगी। योगी ने कहा कि राज्य की 16 महीनों की और केन्द्र की चार साल की सरकारे बेहतर काम कर रही है। प्रदेश मे बिना भेदभाव के कल्याणकारी योजनाएं सभी को मिले। यह सुनिश्चित करने के लिये वह सभी योजनाओं का निरीक्षण करने प्रदेश में घूम रहे है।  उन्होंने कहा कि तेलगू देशम पार्टी के सहारे कांग्रेस संसद में अविश्वास प्रस्ताव लाकर खुद अपने जाल में घिर गई। इसका नतीजा अगले साल होने वाले लोकसभा चुनाव में देखने को मिलेगा और देश भर में कांग्रेस का सूपडा साफ हो जायेगा।

Ruby