एशियन गेम्स: रजत विजेता सुधा को जॉब और 30 लाख रुपए का पुरस्कार देगी योगी सरकार

punjabkesari.in Tuesday, Aug 28, 2018 - 10:06 AM (IST)

लखनऊ\अमेठी: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इंडोनेशिया में 2018 के एशियाई खेलों में 3000 मीटर स्टीपलचेज स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली राज्य की खिलाड़ी सुधा सिंह को 30 लाख रुपए का पुरस्कार और राजपत्रित अधिकारी की नौकरी देने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने कहा कि सुधा ने लगन एवं मेहनत के बल पर बेहतरीन प्रदर्शन करके देश और प्रदेश का मान बढ़ाया है और पूरा राज्य इनकी इस उत्कृष्ट उपलब्धि से गौरवान्वित है।

लंबी दूरी की अनुभवी धाविका सुधा ने एशियाई खेलों में महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक जीता। सुधा ने 9 मिनट 40.03 सेकेंड का समय लिया और एशियाई खेलों में अब तक का अपना दूसरा पदक जीता। रायबरेली की रहने वाली 32 वर्षीय खिलाड़ी ने इससे पहले 2010 में चीन के ग्वांगझू में हुए एशियाई खेलों में भी स्वर्ण पदक जीता था। वह पिछले एशियाई खेलों (इंचिओन) में पदक नहीं जीत पाई थी।

बता दें कि जहां लंबी दूरी की अनुभवी धाविका सुधा सिंह ने एशियाई खेलों में महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेज में रजत पदक जीता जबकि धारूण अय्यासामी ने नए राष्ट्रीय रिकार्ड के साथ पुरूषों की 400 मीटर बाधा दौड़ में दूसरा स्थान हासिल किया। बहरीन की विनफ्रेड यावी ने 9:36.52 के समय के साथ स्वर्ण पदक जबकि वियतनाम की थी ओन नगुएन ने 9:43.83 का समय लेकर कांस्य पदक हासिल किया।

Anil Kapoor