‘योगीराज में उत्तर प्रदेश बन गया रोगी प्रदेश’

punjabkesari.in Thursday, Aug 30, 2018 - 10:12 AM (IST)

मेरठ: आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने कहा कि देश में नफरत के सौदागरों की सरकार चल रही है,जो हिंदुस्तान को तालिबान बनाना चाहती है। प्रदेश का भी यही हाल है। यहां योगी और उनके सत्ता सुख भोगने वाले साथियों की सरकार चल रही है, जिन्होंने पिछले डेढ़ साल में प्रदेश को रोगी प्रदेश बना दिया है।

सासंद संजय सिंह बुधवार को सहारनपुर से शुरु होने वाली जन अधिकार पदयात्रा से पूर्व मंगलवार को मेरठ पहुंचे थे। उन्होंने दिल्ली रोड स्थित सोल्टियर फार्म में पत्रकारों से वार्ता की। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी आम जनता से जुड़े मुद्दों को लेकर पदयात्रा कर रही है। आज देश प्रदेश में किसान की हालत ज्यादा खराब है।

पश्चिम उत्तर प्रदेश में किसान को उसकी उपज का दाम तक नहीं मिल पा रहा है। संजय ने कहा कि जब से प्रदेश में योगी की सरकार आई है तब से अपराध लगातार बढ़ा है। लूट,हत्या,दुराचार आदि की घटनाओं में तेजी आई है। डेढ़ साल में प्रदेश रोगी बन गया है। गोरखपुर में बच्चों की मौत पर स्वास्थ्य मंत्री कहते हैं कि अगस्त में तो बच्चों की मौत होती ही है।

Anil Kapoor