अखिलेश के ऑफर पर केशव प्रसाद मौर्य ने किया पलटवार, कहा- आप न मुख्यमंत्री बन पाएंगे न बना पाएंगे

punjabkesari.in Friday, Dec 02, 2022 - 01:28 PM (IST)

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य ने मुख्यमंत्री बनाने के बयान पर सपा प्रमुख अखिलेश पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव आप न मुख्यमंत्री बन पाएंगे न बना पायेंगे। आप के बयानों से लगता है कि बौखलाए/खिसियाए ही नहीं मैनपुरी और रामपुर में पराजय देख मानसिक संतुलन भी खो चुके हैं ! उन्होंने कहा अब गुंडागर्दी,बूथ क़ब्ज़ा कर नहीं कर पाओगे। जनता ने सपा की साइकिल को ख़ारिज कर दिया है! उपचुनाव में भाजपा प्रत्याशियों की बड़ी जीत होगी। उन्होंने कहा कि विधानसभा चुनाव में भाजपा को जनता ने अपना समर्थन दिया है उपचुनाव में देगी।

दरअसल, गुरुवार को सपा प्रत्याशी के पक्ष में चुनाव प्रचार करने के लिए सपा प्रमुख अखिलेश यादव रामपुर गए थे। इस दौरान सपा सुप्रीमो ने अपने भाषण के दौरान यूपी के दोनों डिप्टी सीएम पर निशाना साधते हुए कहा कि दोनों उप मुख्यमंत्रियों की हालत ऐसी है कि एक को बिना विभाग का बजट दे दिया गया है। वहीं दूसरे की हालत यह है कि वह एक डॉक्टर का तबादला भी नहीं कर सकता। दोनों डिप्टी सीएम मुख्यमंत्री बनना चाहते है। हम दोनों को ये ऑफर देते है कि आप दोनों में से कोई भाजपा का 100 विधायक लाओ और यूपी के CM बन जाओ। उन्होंने कहा हम आप समर्थन देंगे। सीएम तुम बन जाना। हम बाहर से समर्थन देंगे। गौरतलब है कि प्रदेश में दो विधान सभा सीट और एक लोकसभा सीट पर उपचुनाव होने जा रहा है। जिस पर पांच दिसंबर को वोट डाले जाएंगे। वहीं मतगणना 8 दिसंबर को होगा। 

Content Writer

Ramkesh