‘लड़की आएगी, हां करेगी… तभी नीचे आऊंगा’, शादी के लिए मोबाइल टावर पर चढ़ा युवक, 7  घंटे के ड्रामे के बाद उतरा नीचे

punjabkesari.in Tuesday, Mar 31, 2026 - 04:10 PM (IST)

शाहजहांपुर : बॉलीवुड की मशहूर फिल्म शोले के एक प्रसिद्ध दृश्य की याद दिलाने वाली एक नाटकीय घटना के तहत उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर जिले में 23 वर्षीय युवक अपने रिश्ते की लड़की से शादी करने की मांग करते हुए एक मोबाइल टावर पर चढ़ गया। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी। हालांकि, यह युवक 'शोले' के वीरू (जिसकी बसंती से शादी करने की इच्छा पूरी हो गई थी) जितना भाग्यशाली नहीं रहा और पुलिस ने उसे हिरासत में ले लिया। 

पुलिस ने बताया कि मामला थाना तिलहर क्षेत्र के गांव कछियानी खेड़ा का है जहां रामपाल कश्यप का 23 वर्षीय बेटा राजू पाल एक युवती से शादी की जिद पर अड़ गया। बताया जा रहा है कि वह पिछले करीब आठ साल से युवती से एकतरफा प्यार करता था, लेकिन लड़की के परिवार ने इस रिश्ते से साफ इनकार कर दिया। पुलिस ने बताया कि परिवार के इनकार से नाराज होकर राजू गांव में लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गया और कूदने की धमकी देने लगा। देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई और माहौल पूरी तरह 'फिल्मी' हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और काफी देर तक समझाने-बुझाने की कोशिश करती रही। 

आखिरकार पुलिस की सूझबूझ से युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी तिलहर ज्योति यादव ने मंगलवार को मीडिया को बताया कि सोमवार को युवक मोबाइल टावर की चोटी पर चढ़ गया था और शादी की जिद कर रहा था। तिलहर थाना प्रभारी जुगल किशोर ने बताया कि युवक को फिलहाल हिरासत में लेकर निगरानी में रखा गया है। उन्होंने कहा कि उसकी काउंसलिंग कराई जा रही है ताकि वह मानसिक रूप से सामान्य हो सके और भविष्य में इस तरह का कदम न उठाए। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Purnima Singh

Related News

static