शादी का कार्ड बांटकर लौट रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, घर में पसरा मातम
punjabkesari.in Tuesday, Nov 03, 2026 - 04:34 PM (IST)
जौनपुर: उत्तर प्रदेश में जौनपुर जिले के लाइन बाजार थाना क्षेत्र के शास्त्री ब्रिज पर मंगलवार सुबह डंपर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौत हो गई, जबकि उसके चाचा घायल हो गए।
पुलिस सूत्रों के अनुसार जिले के वाजिदपुर दक्षिणी, थाना लाइन बाजार निवासी सुधांशु शर्मा (28) मंगलवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे अपने चाचा शरद कुमार शर्मा को बाइक पर बैठाकर उनकी बेटी की शादी का कार्ड बांटने खासनपुर मोहल्ले गए थे। कार्ड बांटकर दोनों घर लौट रहे थे। इसी दौरान शास्त्री ब्रिज पर सामने से आ रहे डंपर की चपेट में आने से बाइक अनियंत्रित हो गई और दोनों सड़क पर गिर पड़े।
21 नवंबर को होनी थी चचेरी बहन की शादी
हादसे के बाद स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में ऑटो की व्यवस्था कर दोनों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सुधांशु शर्मा को मृत घोषित कर दिया। वहीं उनके चाचा शरद कुमार शर्मा घायल हो गए। बताया जाता है कि शरद कुमार शर्मा की बेटी की शादी आगामी 21 नवंबर को होनी थी। इसी शादी का निमंत्रण कार्ड बांटकर सुधांशु घर लौट रहे थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया।

