मामूली सी बात पर युवक ने महिला पर फेंका तेजाब, हालत गंभीर

punjabkesari.in Sunday, Feb 04, 2018 - 11:31 AM (IST)

बिजनौरः उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले में दिलदहला देने वाला एक शर्मनाक मामला सामने आया है। जहां एक मामूली विवाद के चलते गांव के ही एक युवक ने एक महिला पर तेजाब फेंक दिया। घटना की खबर मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। स्थानीय लोगों ने आनन-फानन में महिला को जिला अस्पताल में भर्ती कराया।

जानकारी के मुताबिक मामला बिजनौर थानाक्षेत्र नांगल सोती के गांव हरचंदपुर का है। यहां पड़ोसी विपिन्न का एक महिला के साथ पानी की निकासी को लेकर विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि विपिन्न ने अपना आपा खोते हुए महिला के ऊपर तेजाब फेंक दिया। शरीर पर तेजाब गिरने से महिला की हालत बेहद गंभीर हो गई। महिला को आनन-फानन में जिला अस्पताल भर्ती कराया गया। जहां डॉक्टरों ने बताया कि महिला 35 प्रतिशत जल चुकी है। जिसके बाद महिला को बिजनौर से मेरठ रेफर कर दिया गया।

सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी युवक फरार है। पुलिस जल्द आरोपी को पकड़ने की बात कह रही है।