पहले घेरकर चाकुओं से गोदा, फिर पेट में मारी गोली... युवक की हालत नाजुक
punjabkesari.in Tuesday, Sep 08, 2026 - 01:26 PM (IST)
Jalaun News: उत्तर प्रदेश में जालौन जिले के उरई शहर कोतवाली क्षेत्र में सोमवार देर रात अज्ञात हमलावरों ने एक युवक पर जानलेवा हमला कर दिया। हमलावरों ने पहले युवक पर चाकुओं से ताबड़तोड़ वार किए और इसके बाद उसके पेट में तमंचे से गोली मारकर फरार हो गए। गंभीर हालत में घायल युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे कानपुर हायर सेंटर रेफर कर दिया।
मिली जानकारी के मुताबिक, रामनगर, अजनारी रोड निवासी मोहित यादव (25) पुत्र राजू यादव सोमवार शाम करीब 7 बजे मोटरसाइकिल से लल्ला धाम के पास पहुंचा था। बताया जा रहा है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उसे घेर लिया और उस पर चाकुओं से हमला शुरू कर दिया। अचानक हुए हमले से मोहित गंभीर रूप से घायल होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावरों में से एक ने तमंचे से उसके पेट में गोली मार दी। गोली चलने की आवाज और युवक के घायल होने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि वारदात को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी मौके से फरार हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल को अस्पताल पहुंचाया और मामले की जांच शुरू कर दी। क्षेत्राधिकारी राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। हमलावरों की पहचान कर जल्द ही उनकी गिरफ्तारी की जाएगी। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है।

