पेट्रोलियम की बढ़ती कीमतों के खिलाफ यूथ कांग्रेस का अनोखा प्रदर्शन

punjabkesari.in Wednesday, Sep 05, 2018 - 06:35 PM (IST)

महाराजगंज (गुलाम गौस )-लगातार तेल की बढ़ती कीमतों से यहां आम आदमी परेशान है। वहीं राजनीतिक पार्टियां भी इसके विरोध में कुछ ना कुछ नया करती रहती है। ऐसा ही नजारा यूपी के महाराजगंज जिले से सामने आया है। यहां डीजल-पेट्राल और घरेलू रसोई गैस की लगातार बढ़ती कीमतों के विरोध में यूथ कांग्रेस के कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों ने बुधवार को पार्टी कार्यालय में फंदा लगाकर प्रदर्शन किया। केंद्र और प्रदेश सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। साथ ही चेताया कि अगर पेट्रोलियम की कीमतों पर नियंत्रण नहीं हुआ तो कांग्रेस चुप नहीं बैठेगी।

यूथ कांग्रेस के प्रदेश सचिव राकेश गुप्ता ने कहा कि आज पेट्रोलियम की  बढ़ती महंगाई से सभी वर्ग प्रभावित हैं। ऐसे में हमने फंदा लगाकर प्रदर्शन कर यह बताने की कोशिश की है कि सरकारी योजनाओं से आम लोगों का कितना बुरा हाल है। लोग खुदकुशी करने तक को विवश हो रहे हैं। डीजल की कीमत बढ़ने से खेती महंगी हो गई है। आवागमन भी महंगाई की भेंट चढ़ चुका है। पेट्रोल की कीमत आम लोगों को झुलसा रही है। ऐसे में समय अब चेतने का है। अगर केंद्र और प्रदेश सरकार ने नीतियों में सुधार नहीं किया तो हाल और भी बुरा होगा। 

Ajay kumar