मेरठ: शादी समारोह में गए युवक की गोली मारकर हत्या, 2 आरोपी गिरफ्तार

punjabkesari.in Monday, Mar 04, 2019 - 11:08 AM (IST)

मेरठः उत्तर प्रदेश के मेरठ में छेड़छाड के आरोप में शादी समारोह में गए एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। पुलिस ने बताया कि मेरठ के लिसाड़ी गेट क्षेत्र में कमेला मार्ग पर रविवार रात ताज पैलेस में इस्लामाबाद साउथ मोहल्ला निवासी शाबिर की बेटी की शादी समारोह चल रहा था।

पुरुषों के खाने के बाद महिलाओं ने खाना शुरू किया था। पुरुषों का खाना बंद होने के बाद आशी उर्फ कोरमा नामक बदमाश खाना खाने के लिए महिला के बीच आ गया और छेड़छाड़ शुरू कर दी। मुसारिब के भाई अजहर ने विरोध किया तो आशी ने उसे थप्पड़ मार दिया। इसके बाद दोनों पक्षों में विवाद हो गया। उस समय तो आशी वहां से चला गया और रात करीब साढ़े दस बजे वह वहां आया और नजदीक से 20 वर्षीय मुसारिब को गोली मार दी।

गोली चलते ही समारोह में भगदड़ मच गई। गंभीर हालत में परिजन मुसारिब को लेकर निजी अस्पताल पहुंचे। यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस सिलसिले में पुलिस ने आशी और सलीम नामक 2 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।

Deepika Rajput