मुजफ्फरनगर बवाल में शामिल थे लेह-लद्दाख,मेरठ,शामली से आए युवक

punjabkesari.in Monday, Dec 23, 2019 - 10:32 AM (IST)

मुजफ्फरनगरः CAA के विरुद्ध उत्तर प्रदेश को हिंसक विरोध की आग में झोंकने की साजिश का बड़ा खुलासा हुआ है। बवाल करने वाले उपद्रवी बाहर से आए थे। बवाल के संबंध में अब तक 48 लोग गिरफ्तार हुए हैं। जिनमें 12 आरोपी गैर जनपद, 1 मध्य प्रदेश और एक लेह-लद्दाख के कारगिल का है। इसके अलावा गिरफ्तार किए गए बाहरी लोगों में सुल्तानपुर,  सहारनपुर, मेरठ और शामली के लोग भी शामिल थे। इनमें अधिकांश मदरसों के छात्र हैं और यह सब शादात हास्टल में रह रहे थे।

 

SP सिटी सतपाल आंतिल ने बताया कि 12 आरोपी गैर जनपद के गिरफ्तार हुए हैं, उन्हें बवाल के समय अलग-अलग स्थानों पर मौके से रंगेहाथ गिरफ्तार किया गया था। गिरफ्तारी के समय उक्त सभी के हाथों में ईंट के टुकड़े, पत्थर या फिर डंडे भी बरामद किए गए थे। सभी आरोपियों की उम्र 18 से 22 साल के बीच है। इन सभी आरोपियों को अन्य के साथ ही जेल भेज दिया गया है।

 

उन्होंने आगे बताया कि सभी की जांच-पड़ताल भी की जाती रही है। CAA  को लेकर शुक्रवार को जो बवाल हुआ, उसमें शामिल होने के लिए एक अलग तरीके की धर्म आधारित अपील की गई थी, जिसमें फंसकर शहर के आर्यसमाज रोड स्थित सादात हॉस्टल से भी छात्र विरोध प्रदर्शन में शामिल होने पहुंच गए थे। हॉस्टल के जो 12 छात्र जेल भेजे गए हैं, उनकी उपद्रव में भूमिका पाई गई है। इससे पहले करीब 40 छात्रों को  शादात  हॉस्टल से हिरासत में लिया गया था, जिनमें से 28 को जांच में बेकसूर पाए जाने के बाद छोड़ भी दिया गया था।

Ajay kumar