पिथौरागढ़ः वाहन के गहरी खाई में गिरने से एक की मौत, अन्य 7 घायल

punjabkesari.in Wednesday, Dec 11, 2019 - 11:39 AM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है, जहां पर वाहन के खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही अन्य 7 लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

पिथौरागढ़ जिला आपदा प्रबंधन केन्द्र ने जानकारी देते हुए बताया कि घटना मंगलवार शाम की है। दुर्घटना के समय यात्री वाहन पिथौरागढ़ से कचैनी वड्डा जा रहा था और उसमें 8 से अधिक यात्री सवार थे। वाहन के 150 से 200 फुट गहरी खाई में गिरने से एक व्यक्ति की मौत हो गई और 7 लोग घायल हो गए। वहीं दुर्घटना की सूचना मिलते ही आपदा प्रबंधन विभाग और पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से राहत और बचाव कार्य चलाया गया।

बता दें कि दुर्घटना में घायल 8 लोगों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हो गई। इसके साथ ही 7 घायल लोगों का इलाज चल रहा है। इनमें 4 की स्थिति गंभीर हैं। आपदा प्रबंधन केन्द्र का दल मौके पर राहत व बचाव कार्य में जुटा है। माना जा रहा है कि अभी भी कुछ लोग लापता हो सकते हैं। उनकी तलाश की जा रही है।


 

Nitika