चमोली हिमस्खलन...384 लोगों को बचाया गया, 10 शव किए गए बरामद

punjabkesari.in Sunday, Apr 25, 2021 - 03:07 PM (IST)

 

गोपेश्वरः उत्तराखंड के चमोली जिले में भारत-चीन सीमा से सटे इलाके में हुए हिमस्खलन में सीमा सड़क संगठन (बीआरओ) के 384 लोगों को बचाया गया है जबकि 10 शव बरामद कर लिए गए हैं। वहीं अब तक 8 लोग बेहोश हैं।

चमोली जिले के जोशीमठ सेक्टर के सुमना इलाके में हिमस्खलन में घायल हुए छह लोगों को जोशीमठ के सैन्य अस्पताल में भर्ती कराया गया और एक को सैन्य अस्पताल, देहरादून रेफर किया गया। डीजीपी ने कहा कि सुमना में भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (आईटीबीपी) और सेना की चौकियां सुरक्षित हैं। सुमना, जहां हिमस्खलन हुआ, मलारी गांव से करीब 25 किलोमीटर दूर है और यह धौली गंगा की दो धाराओं-गिर्थिगाड और कियोगाड के संगम के समीप है। धौली गंगा में फरवरी में आपदाकारी हिमस्खलन हुआ और 80 लोगों की जान चली गई थी एवं 126 लापता हो गए थे। इस बीच, मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने हवाई सर्वेक्षण कर हालात का जायजा लिया।

सेना और जिला प्रशासन शुक्रवार रात से खोज एवं बचाव अभियान पर नजर बनाए हुए है। आईटीबीपी और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) तथा राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ) के कर्मी भी अब उनके साथ शामिल हो गए हैं। रावत के अनुसार केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह ने बचाव अभियान में हर संभव सहायता का आश्वासन दिया है। वर्ष 1991 में भी सुमना में इसी तरह हिमस्खलन हुआ था, जिसमें आईटीबीपी के 11 कर्मियों की मौत हो गई थी।

Content Writer

Nitika