नीलकंठ महादेव में जलाभिषेक के बाद अलीगढ़ के 14 श्रद्धालु गंगा टापू पर फंसे, हाथियों ने घेरा

punjabkesari.in Wednesday, Mar 06, 2019 - 12:16 PM (IST)

अलीगढ़\हरिद्वार: नीलकंठ महादेव में जलाभिषेक के बाद अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के करीब 14 श्रद्धालु गंगा टापू पर घूमने चले गए। इस दौरान हाथियों के झुंड ने उन्हें घेर लिया। ये तो गनीमत रही कि मोबाइल का नेटवर्क मिल गया वर्ना उनकी जान पर बन आई थी। कई घंटों की मशक्कत के बाद उत्तर प्रदेश के श्रद्धालुओं को सुरक्षित निकाला गया।

महाशिवरात्रि पर हरिद्वार गंगा में स्नान करने और ऋषिकेश के नीलकंठ महादेव जलाभिषेक करने आए अलीगढ़ (उत्तर प्रदेश) के 14 श्रद्धालु नीलकंठ महादेव मार्ग से गंगा के टापू की ओर निकल गए। अचानक अंधेरा होने लगा और बारिश शुरू हो गई। गंगा के टापू से सभी श्रद्धालु किनारे आने की कोशिश करने लगे तभी 12 से अधिक हाथियों का झुंड जिसमें नर, मादा और बच्चे भी थे पहुंच गए।

अंधेरा गहराने लगा लेकिन हाथी वहीं डटे रहे। बड़ी मुश्किल से श्रद्धालुओं ने 100 नंबर पर पुलिस को फोन कर जानकारी दी। फिर राजाजी टाइगर रिजर्व की एक टीम पहुंची। गोहरी रेंज के रेंजर डीपी उनियाल ने बताया कि पुलिस और वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर मशक्कत के बाद हाथियों को रात में खदेड़ा। इसके लिए कई राऊंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

Anil Kapoor