उत्तराखंड में लॉकडाउन का उल्लंघन करने वाले 160 लोग गिरफ्तार, कई दर्जन वाहन हुए सीज

punjabkesari.in Wednesday, Mar 25, 2020 - 02:33 PM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड में लॉकडाउन के दौरान पुलिस प्रशासन बेहद सख्त नजर आ रहा है। साथ ही पुलिस के द्वारा नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में 160 लोगों को गिरफ्तार किया गया। राज्य में कुल 55 मामले दायर किए गए हैं और कई दर्जन वाहन सीज किए गए हैं।

राज्य के पुलिस महानिदेशक अपराध एवं कानून व्यवस्था अशोक कुमार की ओर से यह जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि राज्य लॉकडाउन के पहले दिन जनता ने लोक सेवकों के आदेश का जमकर उल्लंघन किया। इसके बाद दूसरे दिन पुलिस व प्रशासन को सख्ती करने के आदेश दिए गए। लॉकडाउन को सफल बनाने के लिये प्रदेश को 102 जोन व 500 सेक्टरों में बांटा गया है। इस दौरान 6000 पुलिसकर्मी व 20 कंपनी पीएसी लगाई गई हैं। नियमों व प्रावधानों के उल्लंघन करने के आरोप में विभिन्न जिलों में इस दौरान 55 मामले दायर किए गए हैं और 160 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कई दर्जन वाहनों को सीज किया गया है। इसके अतिरिक्त कुछ लोगों का चालान भी किया गया है।

लॉकडाउन के दूसरे दिन कुमाऊं में भी कई मामले दर्ज किए गए हैं। बागेश्वर में 3 दुकानदारों के खिलाफ मामले दर्ज किए गए हैं जबकि 10 वाहन सीज किए गए हैं और 12 लोगों के चालान किए गए हैं। चंपावत में भी 33 लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई जबकि 11 वाहन सीज किए गए हैं। इसी प्रकार नैनीताल जिले में धारा-144 का उल्लंघन करने के आरोप में 15 लोगों के खिलाफ अभियोग पंजीकृत किए गए हैं व 75 लोगों को पाबंद किया गया है। साथ ही 80 वाहनों को सीज किया गया जबकि मोटर व्हीकल एक्ट के तहत 425 वाहनों के चालान किए गए हैं। इनके अलावा ऊधमसिंह नगर जिले में भी नियमों के विपरीत दुकानें खोलने के आरोप में आधे दर्जन दुकानदारों के खिलाफ कार्रवाई की गई है।

अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ जिलों में भी नियमों का उल्लंघन करने के आरोप में पुलिस व प्रशासन ने बेहद सख्ती दिखाई और लोगों को घरों में ही रहने को मजबूर किया। अशोक कुमार ने राज्य की जनता से अपील करते हुए कहा कि लॉकडाउन का हल्के में न ले और निर्देशों का गंभीरता से पालन करे। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि आने वाले दिनों में और सख्ती की जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static