कांग्रेस अध्यक्ष चुनाव: 223 में 197 PCC सदस्यों ने देहरादून में किया मतदान, 12 ने अन्य राज्यों में की वोटिंग

punjabkesari.in Tuesday, Oct 18, 2022 - 11:41 AM (IST)

 

देहरादूनः कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्वाचन को सोमवार के लिए पूरे देश के साथ, उत्तराखंड कांग्रेस कमेटी के देहरादून स्थित प्रदेश कार्यालय में मतदान हुआ। इस मतदान में प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) के कुल 223 सदस्यों में से मात्र 197 ने अपने मत का देहरादून में प्रयोग किया जबकि 12 ने अन्य राज्यों में मतदान किया। इस तरह कुल 209 ने अपने मत का प्रयोग किया, जबकि 14 विभिन्न कारणों से मतदान को नहीं पहुंचे।

सोमवार सुबह पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष पद के चुनाव को एआईसीसी द्वारा नियुक्त चुनाव अधिकारियों की उपस्थिति में पीसीसी के निर्वाचित सदस्यों द्वारा अपने मताधिकार का प्रयोग किया गया। प्रदेश कांग्रेस उपाध्यक्ष संगठन/प्रशासन मथुरादत्त जोशी ने बताया कि राष्ट्रीय अध्यक्ष पद हेतु सम्पन्न हुए चुनाव में पार्टी के प्रदेश चुनाव अधिकारी (पीआरओ) जीसी चन्द्रशेखर, सांसद, एपीआरओ मनोज भारद्वाज, एपीआरओ जयशंकर पाठक एवं डीआरओ देहरादून धर्मेन्द्र सोलंकी तथा एडीआरओ हर्ष बंसल द्वारा चुनाव प्रक्रिया सम्पन्न करवाई गई। उन्होंंने बताया कि प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष करन माहरा, नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य एवं पूर्व प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल सहित उत्तराखंड प्रदेश के 223 प्रदेश प्रतिनिधियों (पीसीसी सदस्यों) में से 197 ने प्रदेश कांग्रेस कमेटी कार्यालय, देहरादून में स्थापित पोलिंग बूथ में अपने मताधिकार का प्रयोग किया।

वहीं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, राष्ट्रीय सचिव काजी निजामुद्दीन एवं डीपी सिंह ने नई दिल्ली में, पूर्व सांसद एवं पीआरओ बिहार प्रदेश प्रदीप टम्टा एवं डीआरओ बिहार हरीश ऐठानी ने पटना में, पूर्व राष्ट्रीय सचिव एवं पीआरओ झारखंड प्रकाश जोशी ने रांची में, एपीआरओ राजस्थान जयेन्द्र रमोला ने जयपुर में तथा मनीष खण्डूरी, राजपाल बिष्ट, वैभव वालिया, पूर्व विधायक ललित फर्स्वाण एवं माहित वालिया के पार्टी के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने के चलते कर्नाटक प्रदेश में अपने मताधिकार का प्रयोग किया। उन्होंने बताया कि उत्तराखंड प्रदेश से कुल 209 प्रदेश प्रतिनिधियों ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के चुनाव में मतदान किया।
 

Content Writer

Nitika