25 नवंबर से होगा खेल महाकुम्भ का आयोजन, 2 लाख से अधिक खिलाड़ी लेंगे हिस्सा

punjabkesari.in Thursday, Nov 14, 2019 - 10:49 AM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में 25 नवंबर से खेल महाकुम्भ का आयोजन किया जाएगा, जिसमें 2 लाख से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। खेल महाकुम्भ का शुभंकर ‘कस्तूरी मृग‘ बनाया गया है और इसका आयोजन क्रमश: न्याय पंचायत स्तर, ब्लॉक स्तर, जिला स्तर तथा अन्त में राज्य स्तर पर किया जाएगा।

खेल मंत्री अरविंद पांडेय की अध्यक्षता में बुधवार को सचिवालय में ‘खेल महाकुम्भ 2019' हेतु गठित राज्य स्तरीय अनुश्रवण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। खेल मंत्री पाण्डेय ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खेल महाकुम्भ में प्रतिभाग करने वाले सभी खिलाड़ियों को प्रमाण पत्र दिया जाए, ताकि खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाया जा सके। उन्होंने कहा कि खेल महाकुम्भ का उद्देश्य पूर्ण हो सके, इसके लिए हरसंभव प्रयास किए जाने चाहिए। गरीब प्रतिभाशाली बच्चों को प्रोत्साहित करने के लिए उनकी हरसंभव सहायता की जाए। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ाने के लिए राज्य स्तर पर सम्मानित किए जाने की भी संभावनाएं तलाश की जानी चाहिए, साथ ही पंचायत स्तर तक प्रतिभाएं तलाशने का कार्य लगातार किया जाए।

खेल मंत्री ने निर्देश देते हुए कहा कि इस प्रतियोगिता में अधिक से अधिक खिलाड़ी प्रतिभाग कर सकें इसके लिए राज्य स्तर से पंचायत स्तर तक व्यापक प्रचार प्रसार किया जाए। खेल महाकुम्भ अवधि के दौरान सभी खिलाड़ियों के रहने, खाने, फर्स्ट-एड आदि की उचित व्यवस्था की जाए। खिलाड़ियों की संख्या के अनुरूप टॉयलेट की व्यवस्था भी की जाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश से बाहर अन्य खेलों में प्रतिभाग करने वाले खिलाड़ियों के ट्रैक सूट, जूते एवं किट की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। बैठक के दौरान सचिव खेल बृजेश कुमार संत ने बताया गया कि खेल महाकुम्भ 2019 में इस वर्ष 2 लाख से अधिक खिलाड़ी भाग लेंगे। खेलों के लिए निर्धारित आयु वर्ग अंडर-12, अंडर-14, अंडर-17, अंडर-21, 21-25 आयु वर्ग हेतु महिला वर्ग तथा दिव्यांगजन रखे गए हैं। दिव्यांगजन के खेल आयोजन केवल राज्य स्तर पर होंगे। इसी प्रकार महिला वर्ग के खेल जिला एवं राज्य स्तर पर आयोजित होंगे।

खेल महाकुम्भ में कुल 16 खेल प्रतियोगिताएं निर्धारित हैं जिनमें कबड्डी, एथलेटिक्स, खो-खो, वालीबाल, बैडमिंटन, फुटबाल, टेबल-टेनिस, ताईक्वांडो, बॉक्सिंग, जूडो, हैण्डबाल, बास्केटबाल, हॉकी, तैराकी, तीरंदाजी व तलवारबाजी शामिल हैं। खेल महाकुम्भ में तैराकी, तीरंदाजी और तलवारबाजी को पहली बार रखा गया है, जिनका आयोजन राज्य स्तरीय खेल महाकुम्भ में अंडर-14 और अंडर-17 बालक-बालिका में किया जाएगा। दिव्यांगजन के लिए सीधे राज्य स्तर पर एथलेटिक्स, गोला फेंक, चक्का फेंक, भाला फेंक, लम्बी कूद और बैडमिंटन खेलों का आयोजन होगा।

Nitika