नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक को घूस देना पड़ा भारी, पुलिस ने वकील सहित 2 लोगों को किया गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Jan 11, 2019 - 05:41 PM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड के बागेश्वर में नव नियुक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश्वर सिंह को घूस देना 2 लोगों को भारी पड़ गया। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।

जानकारी के अनुसार, दोनों खनन कारोबार से जुड़े हैं। एक खनन कंपनी का कानूनी सलाहकार (वकील) है और दूसरा कंपनी का प्रबंधक है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि बुधवार शाम को इंदर नेगी और भगवान सिंह उनके कार्यालय में मिलने आए। उन्हें मिठाई और एक लिफाफे में 20 हजार रुपए रखकर बतौर नजराना पेश किया। सिंह ने बताया कि उन्होंने जब लिफाफा खोलकर देखा तो वह हैरान रह गए। इस हरकत के लिए दोनों को तुरंत गिरफ्तार कर लिया गया और दोनों आरोपियों को भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम 1988 के अन्तर्गत गुरुवार को जेल भेज दिया है।

बता दें कि लोकेश्वर सिंह ने 2 जनवरी को बागेश्वर पुलिस अधीक्षक का कार्यभार ग्रहण किया था। इस दौरान शहर के सभी लोग उनसे मिलने आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन दोनों आरोपियों की यह हरकत एकदम गलत और अवांछनीय थी।

Nitika