कलसा नदी में गिरी कार, 2 कारोबारियों की मौत, 1 गम्भीर

punjabkesari.in Thursday, Sep 28, 2017 - 10:37 AM (IST)

नैनीताल: कलसा नदी में कार गिरने से 2 फूल कारोबारियों की मौत व एक व्यक्ति गम्भीर रूप से घायल हो गया। घायल का अस्पताल में उपचार चल रहा है। एग्जॉटिक नर्सरी के मालिक राजेन्द्र निझावन (42) पुत्र भूषण कुमार निवासी दिल्ली हाल निवासी नौकुचियाताल, महेश बिश्नोई (42) निवासी स्वरूप नगर कानपुर और विजय सभ्रवाल (40) निवासी कानपुर उ.प्र. फूलों के कारोबार के सिलसिले में मारुति कार से भीमताल से धारी की ओर जा रहे थे। धारी रोड पर मटियाल खुटानी के पास अचानक कार सड़क से करीब 400 मीटर नीचे कलसा नदी में जा गिरी।

हादसे में राजेन्द्र निझावन व महेश बिश्नोई की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि विजय सभ्रवाल गम्भीर रूप से घायल हो गया। राहगीरों की सूचना पर धारी के एस.डी.एम. रेखा कोहली और तहसीलदार नवाजिश खलीक मय पुलिस मौके पर पहुंचे। नैनीताल से एस.डी.आर.एफ. की टीम को भी बुलाया गया। बचाव अभियान चलाकर घायल विजय को बाहर निकालकर प्राथमिक उपचार करवाया गया। चिकित्सकों ने हालत गम्भीर होने पर उन्हें हल्द्वानी रैफर कर दिया है। कार राजेन्द्र निझावन चला रहा था।