पिथौरागढ़ में दर्दनाक हादसाः जीप के गहरी खाई में गिरने से 3 लोगों की मौत, अन्य 3 घायल

punjabkesari.in Saturday, Nov 20, 2021 - 11:04 AM (IST)

 

देहरादून/पिथौरागढ़ः उत्तराखंड में पिथौरागढ़ जनपद के बेरीनाग तहसील में गोलीगाड पुल के पास शुक्रवार सुबह एक जीप गहरी खाई में गिर गई, जिसमें 3 महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि अन्य 3 गंभीर रूप से घायल हो गए।

पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि तहसील बेरीनाग अंतर्गत गोडीगाड पुल के पास एक जीप अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर गई। जीप में सवार लोग हल्द्वानी से थल की ओर आ रहे थे। दुर्घटना में रश्मि पत्नी बृजेश चंद, गीता पत्नी हरीश चंद दोनों निवासी ग्राम लेजम कौली, थल और प्रियंका पुत्री भगवान चंद्र निवासी गैना बडालू झूलाघाट (पिथौरागढ़) की मौके पर ही मौत हो गई।

वहीं इस दुर्घटना में चालक अनिल कन्याल पुत्र खेम सिंह कन्याल निवासी थल, चंदन सिंह सामंत पुत्र देव सिंह सामंत, निवासी गोल्लाकुड़ी तड़ी गांव थल और बृजेश चंद्र पुत्र भावेश चंद्र निवासी लेजम कौली थल गम्भीर रूप से घायल हो गए। उन्हें अस्पताल भेजा गया है। पुलिस ने बताया कि मृतक तीनों महिलाएं एक ही परिवार के सदस्य हैं।
 

Content Writer

Nitika