सलमान खुर्शीद के नैनीताल स्थित घर में तोड़फोड़ के मामले में 4 लोग गिरफ्तार

punjabkesari.in Friday, Nov 19, 2021 - 10:37 AM (IST)

 

नैनीतालः कांग्रेस के वरिष्ठ नेता सलमान खुर्शीद के उत्तराखंड के नैनीताल जिले में स्थित मकान पर हमले और तोड़फोड़ के 4 दिन बाद पुलिस ने 4 लोगों को गिरफ्तार किया।

कुमाऊं के पुलिस उपमहानिरीक्षक नीलेश आनंद भरणे ने जानकारी देते हुए बताया कि गिरफ्तार किए गए लोगों में चंदन सिंह लोधियाल, उमेश मेहता, कृष्ण सिंह बिष्ट और राजकुमार मेहता शामिल हैं। उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए एक आरोपी के पास से एक पिस्तौल और एक मैगजीन भी बरामद हुई है। पुलिस अधिकारी ने बताया कि चारों आरोपी कांग्रेस नेता के मकान पर उनका पुतला जलाने और उनके खिलाफ नारे लगाने गए थे। आरोपियों ने पूछताछ में दावा किया कि खुर्शीद के मकान में रहने वाले एक सहायक से झगड़े के बाद स्थिति बिगड़ गई और वहां तोड़फोड़ और आगजनी की गई। भरणे ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की विभिन्न धाराओं और हथियार कानून के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

बता दें कि खुर्शीद की किताब ‘सनराइज ओवर अयोध्या' में कथित तौर पर हिंदुत्व की तुलना आईएसआईएस जैसे आतंकी संगठनों से किए जाने पर विवाद के बीच सोमवार को नैनीताल से करीब 15 किलोमीटर दूर सतकोल में स्थित उनके घर पर हमला कर तोड़फोड़ और आगजनी की गई। नारे लगाते हुए हमलावरों ने खुर्शीद के घर के बाहर उनका पुतला फूंका और उसके बाद घर के शीशों को क्षतिग्रस्त करते हुए लकड़ के एक दरवाजे में आग भी लगा दी।

Content Writer

Nitika