निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस को लगा बड़ा झटका, 70 कार्यकर्ता भाजपा में हुए शामिल

punjabkesari.in Friday, Nov 09, 2018 - 07:39 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में नगर निकाय चुनाव से पहले प्रमुख राजनीतिक दल एक-दूसरे में सेंध लगाने के प्रयासों में जुटी हुए हैं। चुनावों से पहले कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष पृथ्वीराज सिंह चौहान सहित 70 कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को भाजपा की सदस्यता ग्रहण कर ली। 

जानकारी के अनुसार, भाजपा प्रदेश मुख्यालय में प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट और मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत की उपस्थिति में देहरादून कांग्रेस के पूर्व महानगर अध्यक्ष और उच्च न्यायालय अधिवक्ता परिषद के महासचिव रहे पृथ्वी सिंह चौहान, व्यापार कांग्रेस के अध्यक्ष पंकज मैसौन, सहित कई अधिवक्ताओं और कार्यकर्ताओं ने भाजपा का दामन थाम लिया। कार्यक्रम का संचालन संगठन महामंत्री नरेश बंसल ने किया। 

वहीं पृथ्वीराज सिंह चौहान का कहना है कि उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत की नीतियों के चलते कांग्रेस को अलविदा कहकर भाजपा का दामन थामा है। बीजेपी में शामिल होने के बाद उन्होंने निकाय चुनाव में पार्टी को जीत दिलाने के लिए जुटने की बात कही और चुनाव में कमल खिलने का दावा किया। इसके साथ ही पृथ्वीराज ने कहा कि वह पीएम मोदी और सीएम के विकास कार्यों से प्रभावित होकर भाजपा में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि पार्टी और सीएम की जीरो टाॅलरेंस की नीति को आगे बढ़ाना उनका उद्देश्य रहेगा।

इस संबंध में सीएम रावत ने कहा कि वह कांग्रेस के पृथ्वीराज सिंह चौहान और उनके साथ भाजपा में शामिल हुए कार्यकर्ताओं का स्वागत करते हैं। इसके साथ ही सीएम ने कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि उनके भाजपा में शामिल होने से भाजपा को और मजबूती मिलेगी और भाजपा और बेहतर काम राज्य में करेगा। 

वहीं भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा पृथ्वीराज सिंह चौहान के साथ-साथ उनका पूरा परिवार भाजपा में शामिल हुआ है, जिनका वह तहे दिल से स्वागत करते हैं। अजय भट्ट ने कहा कि वह उम्मीद करते हैं कि उनके भाजपा में शामिल होने से भाजपा को मजबूती मिलेगी। इसके साथ ही भट्ट ने कहा कि जो राज्य हित में काम करना चाहते हैं, उनके सभी लोगों के लिए भाजपा के रास्ते खुले हैं।  
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static