उत्तराखंड के सितारगंज सेंट्रल जेल में 73 कैदी पाए गए कोरोना संक्रमित, प्रशासन में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Friday, Sep 18, 2020 - 04:14 PM (IST)

नैनीताल: उत्तराखंड के सितारगंज सेंट्रल जेल में 73 कैदियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है, जिसके बाद जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा गया है। वहीं कैदियों के उपचार के संबंध में स्वास्थ्य महकमा अभी अंतिम निर्णय नहीं ले पाया है।

ऊधमसिंह नगर की जिलाधिकारी (DM) रंजना राजगुरू ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि 73 सजायाफ्ता बंदियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई है। उनके सैम्पल 3 दिन पहले जांच के लिये भेजे गये थे। सेंट्रल जेल में यह पहली बार है जब कोरोना के इतने अधिक मामले सजायाफ्ता कैदियों में सामने आए हैं। इससे पहले भी 31 मई को 5 कैदियों में कोरोना की पुष्टि हुई थी।

जेल अधीक्षक दधी राम मौर्य ने बताया कि सेंट्रल जेल में लगभग 700 से अधिक सजायाफ्ता बंदी व 113 कर्मचारी मौजूद हैं। जिला प्रशासन व स्वास्थ्य महकमे के द्वारा बंदियों की सुरक्षा के मामले में काफी एहतियात बरता जा रहा है। सभी बंदियों व कर्मचारियों की पूरे कोरोना काल में 2-2 बार जांच की जा चुकी है। उन्होंने कहा कि हाल ही में जेल में बंद कुछ कैदियों में बुखार के लक्षण पाए गए और इसी को ध्यान में रखकर स्वास्थ्य विभाग की ओर से 3 दिन पहले 112 बंदियों के कोरोना नमूने जांच के लिए भेजे गए। इनमें से गुरुवार को 73 में कोरोना की पुष्टि हुई है। यह बड़ी संख्या है।

वहीं डीएम राजगुरू ने बताया कि कैदियों की समुचित जांच के संदर्भ में मुख्य चिकित्साधिकारी को निर्देश दे दिए गए हैं कि वे कैदियों वे जांच कर बंदियों के उपचार के संदर्भ में आवश्यक कदम उठाएं। उन्होंने कहा कि रूद्रपुर में 300 बिस्तरों वाला कोविड अस्पताल संचालित हो गया है। आवश्यकता पड़ने पर गंभीर संक्रमितों को अस्पताल में भर्ती करवाया जा सकेगा। बता दें कि इससे पहले नैनीताल स्थित जेल में भी बीते 12 सितम्बर को 56 कैदियों में कोरोना संक्रमण की पुष्टि हुई थी। सभी को जेल में आइसोलेट कर दिया गया था। जेल में अन्य कैदियों की आवाजाही पर रोक लगा दी गई थी।

Nitika