उत्तराखंड में बढ़ता जा रहा कोरोना का कहर जारी, 21 बंदियों सहित 74 संक्रमित

punjabkesari.in Thursday, Apr 22, 2021 - 04:35 PM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड के कुमाऊं में कोरोना का संक्रमण तेजी से फैलता जा रहा हैं। अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट स्थित विपिन चंद्र त्रिपाठी कुमाऊं प्रोद्योगिकी संस्थान में 50 से अधिक छात्रों में एक साथ कोरोना के लक्षण पाए गए हैं। यही नहीं उधमसिंह नगर जिले के सितारगंज स्थित केन्द्रीय कारागार में भी 21 बंदियों में कोरोना की पुष्टि हुई है।

अल्मोड़ा की मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. सविता ह्यांकी ने बताया कि पिछले दिनों द्वाराहाट इंजीनियरिंग कालेज के छात्रों और कर्मचारियों के नमूने जांच के लिए भेजे गए थे। इनमें से 50 से अधिक छात्रों की कोरोना जांच रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई हैं। इनमें से अधिकांश छात्र अपने घर जा चुके हैं। पता चला है कि कॉलेज में कुल 53 छात्रों और 2 कर्मचारियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।

वहीं प्रशासन ने कॉलेज को कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया गया है। पीड़ित छात्रों को कॉलेज के हॉस्टल में आइसोलेशन में रखा गया है। प्रशासन और स्वास्थ्य महकमा उन पर नजर बनाए हुए है। यह भी जानकारी मिली है कि उधमसिंह नगर जिले के सितारगंज केन्द्रीय कारागार में प्रशासन की ओर से सजायाफ्ता बंदियों की रेंडम जांच की गई थी, जिनमें से मंगलवार रात को 21 बंदियों की जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इस प्रकरण के सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमा व जेल प्रशासन सकते में है। बंदियों को फिलहाल कारागार में आइसोलेट कर दिया गया है।

Content Writer

Nitika