रुड़कीः भीम आर्मी के संस्थापक को गिरफ्तार करने का कार्यकर्ताओं ने किया विरोध, हाईवे पर लगाया जाम

punjabkesari.in Friday, Aug 23, 2019 - 12:40 PM (IST)

रुड़कीः नई दिल्ली स्थित संत शिरोमणी गुरु रविदास जी महाराज का मंदिर और विश्राम धाम तोड़ने के विरोध का असर रुड़की में भी देखने को मिल रहा है। रुड़की में कार्यकर्ताओं ने भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर और राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह सहित अन्य कार्यकर्ताओं की दिल्ली में गिरफ्तारी के विरोध में प्रदर्शन किया। 

रुड़की में भी दिखा दिल्ली में गुरु रविदास के मंदिर तोड़ने का असर 
जानकारी के अनुसार, रुड़की में भीम आर्मी के कार्यकर्ताओं ने तहसील के सामने हाईवे पर धरना दिया। इसके साथ ही कार्यकर्ताओं ने केंद्र और दिल्ली सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। कार्यकर्ताओं के द्वारा धरना देने के कारण हाईवे के दोनों तरफ जाम लग गया। वाहनों की लंबी कतारें देखकर पुलिस मौके पर पहुंची। 

कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन 
वहीं पुलिस ने कार्यकर्ताओं को जबरन उठाया तो वह ज्वाइंट मजिस्ट्रेट आवास के बाहर पहुंच गए। वहां पर उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि जल्द ही नेताओं की रिहाई नहीं हुई तो उनके द्वारा हरिद्वार में भी बड़ा आन्दोलन किया जाएगा।

बता दें कि मंदिर और धाम तोड़ने के विरोध में भीम आर्मी भारत एकता मिशन के संस्थापक एडवोकेट चंद्रशेखर आजाद और राष्ट्रीय अध्यक्ष विनय रतन सिंह के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने बुधवार को दिल्ली में प्रदर्शन किया था। मंदिर की तरफ कूच करने के कारण पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
 

Nitika