गैरसैंण बजट सत्रः सड़क से सदन तक पहुंचे आंदोलनकारी, प्रशासन में मचा हड़कंप

punjabkesari.in Wednesday, Mar 21, 2018 - 05:56 PM (IST)

गैरसैंण: उत्तराखंड में गैरसैंण को स्थायी राजधानी बनाए जाने की मांग को लेकर मंगलवार को गैरसैंण से लेकर दिवालीखाल तक जमकर हंगामा हुआ। उत्तराखंड क्रांति दल (यूकेडी) के नेतृत्व में जहां दर्जनों लोगों ने दिवालीखाल में जाम लगा दिया, वहीं आंदोलनकारियों का एक जत्था विधानभवन तक पहुंच गया। इस हालात से प्रशासन में हड़कंप मच गया और महिलाओं सहित कई प्रदर्शनकारियों को गिरफ्तार कर लिया गया। इस दौरान सड़क पर लगे जाम में शहरी विकास मंत्री सहित कई विधायक फंस गए। उन्हें किसी तरह विधानभवन तक पहुंचाया गया। मंगलवार देर शाम तक प्रदर्शनकारियों का विरोध जारी था।

डीआईजी ने संभाला मोर्चा
मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत सहित अधिकत्तर वीआईपी पहले ही गैरसैंण पहुंच चुके थे। इसके बावजूद शहरी विकास मंत्री मदन कौशिक, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट, विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैम्पियन आदि अलग-अलग समय में इस जाम में फंस गए। मंत्री और दोनों प्रदेश अध्यक्षों को मुश्किल से वहां से भराड़ीसैंण के लिए रवाना किया गया। दोनों विधायकों को दिवालीखाल से कुछ दूर तक पैदल जाना पड़ा। इन नेताओं को जाम से निकालने में स्थानीय जिला प्रशासन असर्मथ रहा तो डीआईजी गढ़वाल पुष्पक ज्योति ने खुद मोर्चा संभाला।

पुलिस ने कार्यकर्त्ताओं को किया गिरफ्तार 
इसी बीच सड़क के दोनों ओर से जंगलों के रास्ते करीब 50 आंदोलनकारी जिसमें महिलाओं की संख्या अधिक थी भराड़ीसैंण पहुंच गए। उनकी इच्छा विधानभवन तक पहुंचने की थी परंतु विधानभवन के 400 मीटर पहले पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इस दौरान जमकर हंगामा हुआ और पुलिस के साथ धक्का-मुक्की हुई। पुलिस ने महिलाओं सहित सभी कार्यकर्त्ताओं को गिरफ्तार कर लिया। 

Punjab Kesari