उत्तराखंड में आज से हवाई सेवा शुरू, जौलीग्रांट एयरपोर्ट से 5 घरेलू विमानों की हुई आवाजाही

punjabkesari.in Monday, May 25, 2020 - 05:59 PM (IST)

 

ऋषिकेशः लॉकडाउन के बीच एक राज्य से दूसरे राज्यों में जाने के लिए आज से हवाई विमानों की भी शुरुआत हो गई है। इसी क्रम में उत्तराखंड के जौलीग्रांट एयरपोर्ट से भी शाम तक केवल 5 घरेलू विमानों की आवाजाही हुई। वहीं 2 महीनों बाद घरेलू उड़ानों की आवाजाही शुरू होने से यात्रियों ने राहत की सांस ली है।

जानकारी के अनुसार, दिल्ली से सोमवार सुबह 7 बजकर 30 मिनट पर पहली फ्लाइट पहुंची। पहली फ्लाइट में केवल 3 यात्री जौलीग्रांट पहुंचे जबकि 3 ही यात्रियों को लेकर यह फ्लाइट वापस दि्ल्ली लौटी। इसी तरह पंतनगर से जौलीग्रांट पहुंची फ्लाइट में भी मात्र 8 यात्री थे। वहीं मुंबई से सोमवार को जौलीग्रांट आने वाली फ्लाइट रद्द हो गई।

बता दें कि देहरादून प्रशासन ने जॉलीग्रांट एयरपोर्ट से आने वाले सभी लोगों को क्वारंटाइन करने के इंतजाम कर लिए हैं। हवाई जहाज से आने वाले सभी यात्रियों को 7 दिनों के लिए इंस्टीट्यूशनल क्वारंटाइन किया जाएगा। इसके लिए प्रशासन ने लगभग 350 होटल के 6000 कमरों को चिन्हित किया है।

Nitika