स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में शामिल होने नैनीताल पहुंचे अजय भट्ट, चलाया सफाई अभियान

punjabkesari.in Sunday, Sep 23, 2018 - 10:54 AM (IST)

नैनीतालः उत्तराखंड के भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने शनिवार को नैनीताल जिले का दौरा किया। इस दौरान वह स्वच्छता ही सेवा कार्यक्रम में शामिल हुए। 

अजय भट्ट ने सदन में विधायकों के जवाब ना दे पाने को किया स्वीकार 
जानकारी के अनुसार, अजय भट्ट ने कार्यक्रम में शामिल होकर कार्यकर्त्ताओं के साथ मिलकर सफाई अभियान चलाया। इसके साथ ही विधानसभा सत्र के दौरान सरकार के मंत्रियों के द्वारा विधायकों के प्रश्नों के जवाब ना दे पाने पर अजय भट्ट ने स्वीकार किया कि मंत्रियों को पूरा होमवर्क करके विधानसभा में जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारियों को भी मंत्रियों को सही फीडबैक देना चाहिए। इसके बावजूद भी जो अधिकारी विभागीय मंत्रियों को सही जानकारी उपलब्ध नहीं करवा पा रहे, उन अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जानी चाहिए।

नगर निकाय चुनाव को लेकर अजय भट्ट ने दिया बयान 
वहीं कांग्रेस के द्वारा नगर निकाय चुनाव को टालने के सरकार पर लगाए जा रहे आरोपों पर अजय भट्ट ने कहा कि अभी सभी निकायों में प्रशासक बैठाए गए हैं। इसके साथ ही जैसे ही प्रशासकों का कार्यकाल खत्म होगा वैसे ही इसी साल निकाय चुनाव करवाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार को चुनावों से डर नहीं लगता, चुनावों में भाजपा सरकार के द्वारा ही जीत दर्ज की जाएगी। 

Nitika