उत्तराखंड में BJP का जबरदस्त प्रदर्शन, अजय भट्ट ने PM मोदी को दिया जीत का श्रेय

punjabkesari.in Thursday, May 23, 2019 - 02:58 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में सभी पांचों लोकसभा सीटों पर बड़ी जीत की ओर बढ़ रही भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने पार्टी के इस प्रदर्शन का श्रेय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दिया।

जानकारी के अनुसार, ऊधमसिंह नगर-नैनीताल सीट से स्वयं डेढ़ लाख से अधिक मतों से आगे चल रहे अजय भट्ट ने कहा कि जनता ने पीएम मोदी के सक्षम नेतृत्व में एक बार फिर से विश्वास जताया है और यह प्रदर्शन उसी भरोसे की जीत है। भट्ट का सामना दिग्गज नेता और कांग्रेस महासचिव हरीश रावत से है। चुनावों में पार्टी के जबरदस्त प्रदर्शन के लिए उन्होंने जनता को बधाई दी है और कार्यकर्ताओं को उनके परिश्रम के लिए आभार भी व्यक्त किया।

वहीं रुझानों में पार्टी प्रत्याशियों के जीत की ओर अग्रसर होने की खबरें मिलते ही भाजपा राज्य मुख्यालय में कार्यकर्ताओं ने जश्न मनाना शुरू कर दिया। कार्यकर्ताओं ने ढोल बजाने के साथ ही पटाखे फोडे़ तथा मिठाई भी बांटी। पार्टी मुख्यालय में कार्यालय सचिव पुष्कर सिंह काला ने बताया कि परिणाम घोषित होने के बाद मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत का भी मुख्यालय पर पहुंचने का कार्यक्रम है, जहां वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ जश्न मनाने के अलावा उन्हें संबोधित भी करेंगे।

 

Nitika