शिक्षा विभाग का नया फरमानः राज्य के सभी स्कूलों में मिड डे मील से पहले भोजन मंत्र अनिवार्य

punjabkesari.in Wednesday, Jul 11, 2018 - 12:22 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में शिक्षा विभाग अक्सर चर्चा में बना रहता है। इसी के चलते एक बार फिर से मंत्री अरविंद पांडे का यह विभाग एक नई पहल करने जा रहा है। 

स्कूलों की दीवार पर लिखा जाएगा मंत्र 
जानकारी के अनुसार, शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे ने राज्य के सभी स्कूलों के लिए एक निर्देश जारी किया है। इस निर्देश के अन्तर्गत अब सभी प्राइमरी स्कूलों में मिड डे मील से पहले सभी छात्र-छात्राओं को भोजन मंत्र बोलना शुरू कर दिया जाएगा। शिक्षा मंत्री ने कहा कि इस अभियान को राज्य के सभी प्राइमरी स्कूलों में जल्द ही लागू किया जाएगा। इसके साथ ही छात्र-छात्राओं को मंत्र पढ़ने में किसी भी तरह की कोई परेशानी ना हो, इसके लिए मंत्र को सभी स्कूलों की दीवार पर लिख दिया जाएगा। इसके साथ ही गायत्री मंत्र भी स्कूल की दीवारों पर लिख दिया जाएगा।

सभी स्कूलों में जारी किया जाएगा पत्र 
अरविंद पांडे ने कहा कि अगर किसी शिक्षक और भोजन माताओं सहित छात्र-छात्राओं को मंत्र बोलने में कोई परेशानी है तो उनके लिए मंत्र पढ़ना अनिवार्य नहीं है। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि जल्द ही शिक्षा विभाग सभी स्कूलों में एक पत्र जारी करने जा रहा है। राज्य के लगभग 17000 से अधिक स्कूलों में यह पत्र भेजा जाएगा। इसके द्वारा 1100000 से अधिक छात्र-छात्राओं के द्वारा इस मंत्र को पढ़ा जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चे भारतीय संस्कृति और सभ्यता के साथ जुड़े रहें, इसके लिए शिक्षा विभाग यह नई पहल करने जा रहा है।

कांग्रेस ने शिक्षा विभाग के इस नए फरमान पर ली चुटकी 
वहीं शिक्षा विभाग के इस नए फरमान के बाद कांग्रेस ने सरकार पर जमकर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि शिक्षा विभाग को इस फरमान को जारी करने से पहले स्कूल की स्थिति पर विचार करना चाहिए। कांग्रेस ने कहा कि मंत्र की तरफ नहीं बल्कि शोचालयों की तरफ ध्यान देना चाहिए। 


 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static