अल्मोड़ा के इस किसान ने उगाया धनिए का सबसे ऊंचा पौधा, गिनीज बुक में दर्ज हुआ नाम

punjabkesari.in Thursday, Jun 04, 2020 - 01:36 PM (IST)

 

अल्मोड़ाः उत्तराखंड में अल्मोड़ा जिले के गोपाल उप्रेती ने जीएस ऑर्गेनिक एप्पल फॉर्म में बिना पॉलीहाउस के जैविक धनिया की फसल उगाई, जिसमें पौधे की अधिकतम लंबाई 7 फुट 1 इंच रिकॉर्ड की गई। वहीं 7.1 इंच का इतना बड़ा पौधा लगाकर गोपाल उप्रेती ने अपने नाम गिनीज बुक में दर्ज करवा लिया।

7 फुट की लंबाई के हैं बहुत सारे पौधे
गोपाल उप्रेती के फॉर्म में 7 फुट तक की लंबाई के बहुत सारे पौधे रिकॉर्ड किए गए। अल्मोड़ा के मुख्य उद्यान अधिकारी टीएन पांडे, उत्तराखंड ऑर्गेनिक बोर्ड के रानीखेत मजखाली इंचार्ज डॉक्टर देवेंद्र सिंह नेगी और उद्यान सचल दल केंद्र बिल्लेख प्रभारी राम सिंह नेगी के द्वारा पौधों की लंबाई रिकॉर्ड की गई।

10 नाली क्षेत्र में उगाई थी धनिए की फसल
वहीं गोपाल उप्रेती ने बताया कि उन्होंने लगभग 10 नाली क्षेत्र में धनिए की फसल उगाई थी। सभी पौधों की लंबाई साडे 5 फुट से ऊपर थी। धनिया के पौधे की औसत गोलाई 5 से 10 फुट तक भी देखी गई। पौधे के तने की मोटाई आधे इंच से लेकर एक इंच तक भी देखी गई। उप्रेती ने बताया कि उन्होंने यह फसल पूर्ण रूप से परंपरागत तरीके से उगाई हैं। पौधों की अधिक लंबाई की वजह से धनिया के पौधे में सुगंध तथा अन्य चीजों में कोई फर्क नहीं पड़ा है।

जैविक तरीके से किया जाता है उत्पादन
गोपाल उप्रेती ने बताया कि हमारे बगीचे में सेब, आडू, खुमानी और प्लम के साथ-साथ सभी तरह के सब्जियों का उत्पादन भी पूर्ण जैविक तरीके से किया जाता है। उन्होंने 21 अप्रैल 2020 को गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में विश्व के सर्वाधिक ऊंचा धनिए के पौधे को रिकॉर्ड करने के लिए आवेदन दिया था।

गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में नाम दर्ज होना किसानों के लिए सम्मान
गोपाल उप्रेती ने बताया कि उनका नाम गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज होना समस्त भारत के किसानों का सम्मान है। खासतौर पर जैविक कृषि के क्षेत्र में बहुत बड़ी उपलब्धि है। उत्तराखंड में जैविक कृषि की अपार संभावनाएं हैं। धनिए की फसल में इस बात को सिद्ध कर दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static