अजय भट्ट की घोषणा- शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह के घर को बनाया जाएगा संग्रहालय

punjabkesari.in Thursday, Nov 18, 2021 - 11:51 AM (IST)

 

पौड़ीः केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री अजय भट्ट ने उत्तराखंड के पौड़ी जनपद के बीरोंखाल अन्तर्गत ग्राम दुनाऊ में बुधवार को शहीद राइफलमैन महावीर चक्र से विभूषित जसवंत सिंह रावत के शौर्य दिवस समारोह में उनके घर को संग्रहालय बनाने, हैलीपैड और खेल का मैदान बनाने की घोषणा की।

अजय भट्ट ने यहां शहीद के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कीं। साथ ही, उनके परिजनों को अंग वस्त्र और पुष्प गुच्छ भेंट कर सम्मानित किया। इसके अलावा, केंद्रीय मंत्री और राज्य के सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने संयुक्त रूप से एक स्मारिका ‘हीरो ऑफ नेफा' का विमोचन किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए भट्ट ने कहा कि राज्य में पुष्कर सिंह धामी के मुख्यमंत्रित्व वाली सरकार राज्य के शहीद सैनिकों के परिवार के एक सदस्य को नौकरी दे रही है। देहरादून में शहीद सैन्य धाम बनाए जा रहे हैं, जिसमें शहीद महावीर चक्र विजेता जसवंत सिह रावत एवं शहीद हरभजन सिंह के मंदिर स्थापित किए जाएंगे। उन्होंने शहीद जसवंत सिंह रावत के शौर्य का स्मरण करते हुए कहा कि उन्होंने जनपद पौड़ी के साथ उत्तराखंड तथा पूरे देश का नाम रोशन किया है, जिससे दुश्मन देशों की सेनाएं आज भी इन्हें प्रणाम करती हैं। अजय भट्ट ने कहा कि पौड़ी जनपद के बीरोंखाल क्षेत्र को वीर भूमि के नाम से जाना जाता है। यहां पर वीरांगना तीलू रौतेली से लेकर वीर शहीद जसवंत सिंह जैसे सपूतों ने जन्म लिया है, जिसे आज पूरे विश्व पटल पर अलग पहचान मिली है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में भारतीय सैनिकों को और अधिक सशक्त और मजबूत बनाया गया है, जिसने दुश्मन देशों के हौसलों को पस्त कर दिया है।

रक्षा राज्य मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री की दूरदर्शिता की कारण भारतीय सैनिकों को हर प्रकार के आधुनिक हथियार उपलब्ध करवाए जा रहे हैं। यही नहीं सैनिकों को दिए जाने वाले जरूरी हथियारों का अपने देश में ही निर्माण किया जा रहा है, जो देश के लिए गर्व का विषय है। अजय भट्ट ने बीरोंखाल क्षेत्र के दुनाव का समुचित विकास करने के साथ, आने वाले समय में वीर शहीद जसवंत सिंह रावत की स्मृति में आयोजित होने वाले इस समारोह को और अधिक भव्य बनाने के लिए जिला प्रशासन को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। राज्य के सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास मंत्री गणेश जोशी ने भी वीर शहीद महावीर चक्र विजेता शहीद जसवंत सिंह रावत को याद करते हुए उनकी शहादत पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने कहा कि शहीद जसवंत सिंह रावत आज भी उत्तराखंड के युवाओं के लिए प्रेरणा स्रोत है। जसवंत सिंह रावत ने 1962 के भारत चीन युद्ध में दुश्मन देश से लोहा लिया था। वह आज भी भारतीय सेना के इतिहास में स्वर्ण अक्षरों में दर्ज है।
 

Content Writer

Nitika