उत्तराखंड विधानसभा चुनाव: AAP ने जारी की 9 उम्मीदवारों के नाम की तीसरी सूची

punjabkesari.in Saturday, Jan 15, 2022 - 10:51 AM (IST)

 

नैनीतालः आम आदमी पार्टी (आप) ने शुक्रवार को उत्तराखंड विधानसभा चुनाव के लिये अपने नौ और नामों की घोषणा कर दी। अभी तक पार्टी कुल 51 प्रत्याशियों की घोषणा कर चुकी है।

खास बात यह है कि पार्टी ने प्रदेश की सबसे हॉट सीट खटीमा से पार्टी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एस कलेर पर दांव लगाया है। यहां माना जा रहा था कि पार्टी जनजातीय मतों की खातिर हाल ही में शामिल रमेश सिंह राणा पर दांव लगा सकती है। तीसरी सूची में जिन अन्य नामों को तरजीह दी गयी है उनमें पुरोला से प्रकाश कुमार, देव प्रयाग से उत्तम भंडारी, सहसपुर से भरत सिंह, मंसूरी से श्याम बोरा, झबरेड़ा से राजू विराटिया, डीडीहाट से दीवान सिंह मेहता, लालकुआं से चंद्रशेखर पांडे व नानकमत्ता से आनंद सिंह राणा शामिल हैं।

इससे पहले पार्टी सात व 11 जनवरी को दो अन्य सूची जारी कर चुकी है। पहली सूची में 24 व दूसरी सूची में 18 नामों की घोषणा की गयी। अभी तक पार्टी 70 विधानसभा सीटों में से 51 सीटों पर अपना उम्मीदवारों के नाम घोषणा कर चुकी है। उम्मीदवारों की घोषणा के मामले में आप पार्टी ने भाजपा व कांग्रेस से बाजी मार ली है।

Content Writer

Diksha kanojia