भारी बारिश के बाद भूस्खलन से बद्रीनाथ हाईवे बंद, 500 से अधिक तीर्थयात्री रास्ते में फंसे

punjabkesari.in Sunday, Aug 19, 2018 - 05:51 PM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में भारी बारिश के कारण जगह-जगह पर भूस्खलन हो रहा है। भूस्खलन के कारण यात्रा मार्गों के खुलने और बंद होने का सिलसिला लगातार जारी है। इससे चारधाम यात्रा प्रभावित हो रही है। इसके साथ ही स्थानीय लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा रहा है। 

चमोली के पास बिरही में भूस्खलन होने से रास्ता बंद 
जानकारी के अनुसार, भारी बारिश के कारण पिछले 24 घंटों से बद्रीनाथ के पास लामबगड़ और जोशीमठ के पास बद्रीनाथ हाईवे बंद है। बद्रीनाथ हाईवे बंद होने के कारण लगभग 500 से अधिक तीर्थयात्री रास्ते में ही फंस गए हैं। यात्रियों के द्वारा रास्ते को खुलने का इंतजार किया जा रहा है। वहीं दूसरी तरफ चमोली के पास बिरही में भी भूस्खलन हो गया है। भूस्खलन के कारण रास्ता बंद हो गया है, जिससे लोगों को कठिनाई हो रही है। 

यमुनोत्री हाईवे पिछले 2 सप्ताह से बंद 
बता दें कि भारी बारिश के बाद गंगोत्री हाईवे पर मलबा आने से 5 घंटों तक मार्ग बाधित रहा। इसके साथ ही रुद्रप्रयाग के पास केदारनाथ नेशनल हाईवे पर रविवार सुबह 3 घंटों तक आवाजाही बाधित रही। इसके अतिरिक्त यमुनोत्री हाईवे तो पिछले 2 सप्ताह से बंद पड़ा है। वहीं लगातार हो रही भारी बारिश के कारण सभी नदियों का जलस्तर बढ़ गया है और नदियां खतरे के निशान पर बह रही हैं। 
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static