बागेश्वर में बढ़ा नगर पालिका का दायरा, कर्मचारियों की कमी से जूझ रहे लोग

punjabkesari.in Friday, Dec 14, 2018 - 02:28 PM (IST)

बागेश्वरः उत्तराखंड के बागेश्वर जिले में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के स्वच्छ भारत अभियान के सपने को पलीता लग रहा है। बागेश्वर में नगरपालिका का दायरा तो बढ़ गया है लेकिन यहां पर आज भी स्टाफ की कमी देखने को मिल रही है। कर्मचारियों की कमी से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

जानकारी के अनुसार, नगरपालिका के चुनावों के बाद बागेश्वर के नगरपालिका में अब 7 से बढ़कर 11 वार्ड हो गए हैं। इसी के चलते पालिका में आज भी लगभग 28 पद खाली हैं, जिनमें कि सफाई निरीक्षक, पर्यावरण पर्यवेक्षक और कर निरीक्षक जैसे महत्वपूर्ण पद शामिल हैं। इसके साथ ही 33 सफाई कर्मचारियों के पद भी खाली हैं।

वहीं नगरपालिका के ईओ राजदेव जायसी का कहना है कि रिक्त पदों की सूचना शासन को भेजी गई है। उन्होंने कहा कि अब पालिका का दायरा बढ़ गया है, जिसके लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की जरूरत पड़ेगी। इसकी मांग प्रशासन से की जाएगी।

बता दें कि बागेश्वर में बिलौना से लेकर कठायत बाड़ा तक का क्षेत्र अब पालिका में शामिल हो गया है। इन गांवों को रोशन करना और सफाई व्यवस्था को ठीक रखना पालिका के लिए चुनौती भरा होगा। इसके साथ ही समय पर टैक्स वसूल करना भी नगरपालिका की प्राथमिकता में होना चाहिए।

 

Nitika