भाजपा का हमला- लोकसभा चुनाव में कांग्रेस का ‘झूठ गैंग’ सक्रिय

punjabkesari.in Tuesday, Apr 02, 2019 - 10:35 AM (IST)

देहरादूनः उत्तराखंड में भाजपा ने टिहरी सीट से अपनी प्रत्याशी और वर्तमान सांसद माला राज्यलक्ष्मी शाह के खिलाफ तुच्छ अभियान छेड़ने के लिए कांग्रेस को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान कांग्रेस का ‘झूठ गैंग’ सक्रिय हो गया है, जिसका काम झूठ बोलकर कर जनता को गुमराह करना है।

भाजपा के प्रदेश मीडिया प्रमुख डॉ. देवेंद्र भसीन ने कहा कि माला राज्यलक्ष्मी शाह के संदर्भ में कांग्रेस का ‘झूठ गैंग’ भ्रामक प्रचार कर भ्रम फैला रहा है कि उन्होंने अपने क्षेत्र में आज तक कोई विकास कार्य नहीं किए। आंकडे प्रस्तुत करते हुए उन्होंने कहा कि रानी माला राज्यलक्ष्मी शाह ने लोकसभा में 33 प्रश्न पूछे गए और 33 बहसों में भाग लिया। सारे प्रश्न और चर्चा उत्तराखंड एवं टिहरी लोकसभा क्षेत्र से संबंधित थी। उनकी संसद में उपस्थिति 89 प्रतिशत है।

डॉ. भसीन ने कांग्रेस से पूछा कि उनकी पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी ने लोकसभा में क्या कार्य किए। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि सोनिया गांधी ने लोकसभा में एक प्रश्न भी नहीं पूछा और केवल 6 चर्चाओं में भाग लिया जबकि उनकी उपस्थिति भी केवल 60 प्रतिशत रही। उन्होंने कहा कि ऐसे में कांग्रेस हमारे प्रत्याशी से अनर्गल प्रश्न पूछ रही है जो हास्य का विषय है। डॉ. भसीन ने इस संबंध में सांसद माला राज्यलक्ष्मी द्वारा अपने टिहरी क्षेत्र में किए गए महत्वपूर्ण कार्यों का भी उल्लेख किया।

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static