आपसी विवाद में BJP विधायकों ने तोड़ी राजनीतिक मर्यादा, कुश्ती लड़ने की दी चुनौती

punjabkesari.in Sunday, Apr 14, 2019 - 02:29 PM (IST)

रुड़कीः उत्तराखंड के 2 भाजपा विधायकों में आपसी जंग इस कदर बढ़ गई है कि दोनों किसी की भी सुनने के लिए तैयार नहीं है। इतना ही नहीं एक भाजपा विधायक ने कुश्ती लड़ने की धमकी दी तो दूसरे ने जेल भिजवाने तक की धमकी दे दी।

जानकारी के अनुसार, अपने बयानों से चर्चाओं में रहने वाले भाजपा विधायक प्रणव सिंह चैंपियन और झबरेड़ा के विधायक देशराज कर्णवाल दोनों के बीच पिछले एक महीने से चल रही जुबानी जंग किसी भी समय हिंसक रूप ले सकती है। इसी क्रम में चैंपियन ने कर्णवाल को रुड़की नेहरू स्टेडियम में आकर उनसे कुश्ती करने का चैलेंज दिया। इस पर चैंपियन समय पर स्टेडियम में दल-बल के साथ पहुंच गए लेकिन कर्णवाल वहां पर नहीं आए। कुश्ती के अखाड़े में पहुंचकर चैंपियन ने कहा कि कहां है काला चूहा, जब हिम्मत नहीं थी तो क्यों 53 इंची को चैलेंज कर रहा था।

वहीं हरिद्वार में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कर्णवाल ने चैंपियन को धमकी दी। उन्होंने कहा कि अब जमाना पहलवानी का नहीं है बल्कि बल की गोली का है। उन्होंने कहा कि खानपुर विधायक पागल हो गया है अतः इसे पागलखाने में भर्ती करवाया जाए। इसके अतिरिक्त उन्होंने चैंपियन के खिलाफ जमकर अपशब्दों का प्रयोग किया। कर्णवाल यहीं नहीं रुके, उन्होंने बातों ही बातों में बंदूक से गोली मारने तक का इशारा मीडिया के कैमरे में कर डाला।

बता दें कि भाजपा विधायकों के बीच जुबानी जंग तब शुरू हुई थी जब चैम्पियन ने लोकसभा चुनाव के लिए हरिद्वार से निशंक को बाहरी बताते हुए टिकट दिए जाने का विरोध किया था और जिला पंचायत सदस्य और अपनी पत्नी रानी देवयानी को हरिद्वार सीट से टिकट दिए जाने की मांग की थी। इस पर कर्णवाल ने हमला किया था। इसके बाद से मामला बढ़ता गया और दोनों एक दूसरे को धमकियां तक देने लगे दोनों एक दूसरे को जेल भेजने की धमकी देते रहे। कर्णवाल ने चैम्पियन को फर्जी चैम्पियन ओर सर्कस का शेर तक बताया। चैम्पियन ने कर्णवाल पर फर्जी प्रमाणपत्रों का आरोप लगाया।

Nitika