प्रदेश में भाजपा की है जन विरोधी नीति: कांग्रेस

punjabkesari.in Thursday, Oct 26, 2017 - 10:25 AM (IST)

देहरादूनः कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं ने भाजपा के खिलाफ सड़क पर उतरकर आंदोलन करते हुए उत्तराखंड की जन विरोधी नीति का आरोप लगाया। इस दौरान नेता प्रतिपक्ष डा. इंदिरा ने राज्य सरकार के कार्यों की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी का सदैव लोकतंत्र एवं लोकशाही में गहरा विश्वास रहा है।

कांग्रेस पार्टी व उसके नेता न्यायपालिका का सम्मान करते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा लगातार बढ़ती महंगाई, भ्रष्टाचार व केन्द्र सरकार की विफलताओं को छिपाने और अपने मुख्यमंत्रियों तथा मंत्रियों के भ्रष्टाचार को दबाने के लिए विपक्षी दल के नेताओं के साथ जिस प्रकार की कार्रवाई कर रही है, वह राज्य सरकार के तानाशाही रवैये को उजागर करती है।

मुख्यमंत्री को अपने इस कृत्य के लिए कांग्रेसी कार्यकर्त्ताओं से माफी मांगनी चाहिए तथा उनके विरुद्ध लगाए गए झूठे मुकद्दमों को वापस लिया जाना चाहिए। भाजपा के इस षड्यंत्र का कांग्रेसी कार्यकर्त्ता एकजुट होकर डटकर मुकाबला करेंगे तथा भाजपा की जन विरोधी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने का काम करेंगे।

डा. इंदिरा ने कहा कि भाजपा द्वारा देश में 2 संविधान एक अपने मंत्रियों व मुख्यमंत्रियों के लिए तथा दूसरा विपक्षी दलों के नेताओं के लिए लागू करने की नीति पर काम किया जा रहा है, जो स्वस्थ लोकतंत्र की परम्परा के लिए शुभ संकेत नहीं माना जा सकता है। 

गांधी पार्क देहरादून में एक दिवसीय धरने के दौरान कांग्रेस विधानमंडल दल के सभी विधायक व पूर्व विधायकों सहित बड़ी संख्या में कांग्रेसी नेताओं एवं कार्यकर्त्ताओं ने भाग लिया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि जब से राज्य में भाजपा सरकार सत्तारूढ़ हुई है तब से विपक्षी दलों के कार्यकर्त्ताओं का अकारण लगातार उत्पीडऩ किया जा रहा है।