पित्रोदा की ‘असंवेदनशील' टिप्पणी के खिलाफ उत्तराखंड में BJP ने किया धरना प्रदर्शन

punjabkesari.in Sunday, May 12, 2019 - 02:00 PM (IST)

देहरादूनः भाजपा ने 1984 सिख विरोधी दंगों पर कांग्रेस नेता सैम पित्रोदा की ‘असंवेदनशील' टिप्पणी के खिलाफ पूरे उत्तराखंड में धरना प्रदर्शन किया। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के करीबी और इंडियन ओवरसीज कांग्रेस के प्रमुख सैम पित्रोदा ने गुरुवार को हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला में एक पत्रकार द्वारा दंगों के बारे में पूछे गए सवाल पर कहा था, ‘हुआ तो हुआ।'

भाजपा ने कहा कि पित्रोदा की टिप्पणी दिखाती है कि कांग्रेस को हजारों बेगुनाह सिखों के मारे जाने का कोई अफसोस नहीं है। भाजपा प्रदेश मीडिया प्रभारी देवेंद्र भसीन ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता नारेबाजी करते हुए सभी जिला मुख्यालयों पर एकत्रित हुए और पित्रोदा के खिलाफ उनकी ‘असंवेदनशील' टिप्पणी को लेकर धरना प्रदर्शन किया। वहीं देहरादून में उपाध्यक्ष ज्योति प्रसाद गैरोला और मसूरी विधायक गणेश जोशी के नेतृत्व में भाजपा कार्यकर्ता गांधी पार्क में धरने पर बैठे और राहुल गांधी से उनके गुरु की ‘असंवेदनशील' टिप्पणी के लिए माफी की मांग की।

गैरोला ने धरनास्थल पर कहा कि पित्रोदा की टिप्पणी अत्यंत निंदनीय है। दंगों के पीछे कांग्रेस थी, यह साबित करने के अलावा टिप्पणी यह भी प्रतिबिंबित करती है कि पार्टी को हजारों बेगुनाह सिखों के मारे जाने का कोई पछतावा नहीं है। यह उनके घावों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने कहा कि दंगों के बाद तत्कालीन प्रधानमंत्री राजीव गांधी की टिप्पणी और दंगों में कांग्रेस के कई नेताओं की भूमिका जगजाहिर है। कांग्रेस ने उन लोगों को बचाने के लिए सर्वश्रेष्ठ प्रयास किया जिनका दंगों में हाथ था। उसने उनमें से एक को मुख्यमंत्री भी बनाया। नरेंद्र मोदी के शासन में कुछ आरोपियों को सलाखों के पीछे जाना पड़ा और सभी दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होने तक संघर्ष जारी रहेगा।

भसीन ने कहा कि सिख समुदाय के सदस्यों ने भी पित्रोदा की टिप्पणी के खिलाफ दर्शन लाल चौक पर प्रदर्शन किया और बाद में गांधी पार्क में प्रदर्शन करने वाले भाजपा नेताओं के साथ शामिल हो गए। उन्होंने कहा कि पित्रोदा की टिप्पणी कांग्रेस की मानसिकता और चरित्र प्रतिबिंबित करती है।
 

Nitika