Exit Poll में BJP को मिली बढ़त, कांग्रेस ने कहा- अभी नतीजों का करें इंतजार

punjabkesari.in Monday, May 20, 2019 - 02:06 PM (IST)

देहरादूनः लोकसभा चुनाव के अंतिम चरण के चुनाव संपन्न होने के बाद रविवार शाम को कई टीवी चैनलों ने नतीजों को लेकर एग्जिट पोल जारी किया। इस सर्वेक्षण में अधिकांश नतीजे भाजपा के पक्ष में रहे, जिससे भाजपा काफी उत्साहित है। वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस ने एग्जिट पोल के नतीजों को नकारा है।

जानकारी के अनुसार, उत्तराखंड के मुख्यमंत्री त्रिवेन्द्र सिंह रावत ने पांचों सीटों पर जीत का दावा किया है। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनावों को लेकर जो भी सभी चैनलों के एग्जिट पोल सामने आ रहे हैं, उससे स्पष्ट है कि एक बार फिर से पीएम मोदी के नेतृत्व में पूर्ण बहुमत की सरकार बनने जा रही है। 

भाजपा पांचों सीटें जीतकर रचेगी इतिहासः सीएम 
सीएम ने कहा कि उत्तराखंड में भाजपा पांचों सीटें जीतकर इतिहास रचेगी। राज्य में ऐसा पहली बार होगा जब कोई दल लोकसभा चुनाव में जीत दोहराएगा। इसके साथ ही भाजपा प्रदेश अध्यक्ष अजय भट्ट ने कहा कि राज्य की पांचों सीटें भाजपा जीत रही है। देश में 300 से अधिक सीटें पार्टी जीतेगी और नरेन्द्र मोदी को दोबारा जनता पूर्ण बहुमत देगी। 

कांग्रेस ने एग्जिट पोल के नतीजों को किया खारिज 
वहीं दूसरी तरफ कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि एग्जिट पोल पर एकरूपता नहीं है। उन्होंने कहा कि हम एग्जिट पोल को खारिज नहीं कर रहे हैं लेकिन कांग्रेस के पक्ष में और बेहतरीन तस्वीर की हमें पूरी आस है। प्रीतम सिंह ने कहा कि एग्जिट पोल में 10-20 नहीं बल्कि कई सीटों का अंतर दिख रहा है। इसलिए सबसे बेहतर स्थिति यह है कि मतगणना का इंतजार किया जाए।

Nitika