उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे पर बना पुल टूटा, भारत चीन सीमा की चौकियों से संपर्क कटा

punjabkesari.in Thursday, Dec 14, 2017 - 02:39 PM (IST)

देहरादून: उत्तराखंड के उत्तरकाशी में गंगोत्री हाईवे पर अस्सीगंगा नदी पर गंगोरी में बना वैली ब्रिज टूट गया। गनीमत रही कि वहां उस वक्त अन्य वाहन नहीं थे। यह घटना सुबह तड़के की है। पुल से एक ओवर लोड ट्रक गुजर रहा था तभी पुल बीच से टूट गया। पुल किनारों से भी उखड़ गया। इस पुल पर भारी वाहनों की आवाजाही पर रोक थी। पुल ढहने की खबर मिलते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया। पुल टूटने से गंगोत्री से आगे भटवाड़ी, हर्षिल, गंगोत्री व अस्सी गंगा सहित भारत चीन सीमा की चौकियों से संपर्क कट गया। यह पुल आपदा के दौरान बनाया गया था।

उत्तरकाशी जिला अधिकारी आशीष चौहान ने बताया कि यह पुल सुबह साढ़े सात बजे टूटा और इसकी मुरम्मत करने के साथ ही यातायात के लिए वैकल्पिक मार्ग बनाने का काम शुरू हो गया। इसके लिये 70 श्रमिकों के अलावा दो जेसीबी मशीनों के साथ अतिरिक्त त्वरित आपदा बल को लगया गया है। उन्होंने उम्मीद जताई कि शाम तक इस मार्ग तैयार कर लिया जाएगा।