कैबिनेट मंत्री पर चूड़ियां फेंकने के मामले में 2 कांग्रेस नेताओं के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Sunday, Dec 20, 2020 - 06:10 PM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री अरविंद पांडे के काफिले पर चूड़ियां फेंकने के मामले में गदरपुर पुलिस ने कांग्रेस के 2 नेताओं पर मामला दर्ज कर लिया गया है। यह मामला कैबिनेट मंत्री के गनर की शिकायत पर दर्ज करवाया गया। गुरुवार की किसान रैली से जुड़ा हुआ है।

राज्य के शिक्षा मंत्री अरविंद पांडे अपने घर से रूद्रपुर स्थित मोदी मैदान में आयोजित नए किसान बिलों के समर्थन में आयोजित ट्रेक्टर किसान रैली में प्रतिभाग करने के लिए जा रहे थे। आरोप है कि उनका काफिला जैसे ही गदरपुर मुख्य बाजार पहुंचा, कांग्रेस के गदरपुर के नगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अरोरा और पूर्व अध्यक्ष प्रीत ग्रोवर ने उनके काफिले को रोेका और उन पर चूड़ियां फेंकी। जिससे पुलिस में हड़कंप मच गया वहीं भाजपा ने भी इसे सख्ती से लिया। पार्टी की ओर से इस मामले में पुलिस में मामला दर्ज करने का निर्णय लिया गया।

आखिरकार पांडे के गनर खीमानंद की शिकायत पर गदरपुर पुलिस थाना में दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया। गदरपुर थाना के प्रभारी अरविंद चौधरी ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि उनके गनर की ओर से दी गई तहरीर के बाद दोनों के खिलाफ भारतीय दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 341, 186, 504, 506 एवं 511 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। दूसरी ओर आज गदरपुर कांग्रेस की ओर से इस मामले में आक्रोश व्यक्त किया गया और पार्टी कार्यकर्ताओं ने कैबिनेट मंत्री पांडे के खिलाफ प्रदर्शन किया।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने दोनों के खिलाफ दर्ज मामले को वापस लेने की मांग की है। साथ ही चेतावनी दी कि यदि मामला वापस नहीं लिया गया तो कार्यकर्ता को सड़कों पर उतरने को मजबूर होना पड़ेगा।
 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Nitika

Recommended News

Related News

static