भाजपा विधायक ठुकराल पर गोली चलाने के आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज

punjabkesari.in Monday, May 10, 2021 - 02:06 PM (IST)

 

नैनीतालः उत्तराखंड के उधमसिंह नगर के एलाइंस कॉलोनी में भाजपा विधायक राजकुमार ठुकराल पर हुए जानलेवा हमले के मामले में पुलिस ने अभियोग पंजीकृत कर लिया है और आरोपितों की धरपकड़ में जुट गई है।

यह मामला शनिवार रात का है। जब रूद्रपुर के एलाइंस कॉलोनी गेट पर गदरपुर के रामकोट निवासी नरेन्द्र छाबड़ा की कार सामिया लेक सिटी के रहने वाले तरन सिंह कहलों की कार से टकरा गई थी। इस पर दोनों पक्षों के बीच विवाद उत्पन्न हो गया। इसी बीच वहां से गुजर रहे भाजपा के विधायक ठुकराल ने बीच-बचाव की कोशिश की तो आरोप है कि तरन सिंह विधायक से भी उलझ पड़ा और आवेश में आकर गोली चला दी। हालांकि विधायक तो किसी तरह से बच गए लेकिन नरेन्द्र छाबड़ा घायल हो गया। यह भी बताया जाता है कि घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गया। इसी दौरान पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को अस्पताल पहुंचाया गया। घायल की तहरीर पर पुलिस ने विधायक ठुकराल एवं उस पर गोली चलाने के मामले में देर रात को आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया।

उधमसिंह नगर पुलिस के अनुसार आरोपियों की धरपकड़ के लिए 2 टीमें बनाई गईं हैं। यह भी पता चला है कि पुलिस ने रात को आरोपियों के ठिकानों पर दबिश दी लेकिन पकड़ में नहीं आए। पुलिस का दावा है कि आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
 

Content Writer

Nitika