केदारनाथ पुनर्निर्माण कार्यों के तहत धाम में 5 मीटर लंबी और 3 मीटर चौड़ी गुफा का हुआ निर्माण

punjabkesari.in Wednesday, Jul 11, 2018 - 03:26 PM (IST)

गढ़वालः उत्तराखंड में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी का ड्रीम प्रोजेक्ट केदारनाथ पुनर्निर्माण का कार्य तेज गति के साथ चल रहा है। इसी के अन्तर्गत धाम में पहली गुफा बनकर तैयार हो गई है। 

नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के द्वारा गुफा का किया गया निर्माण 
जानकारी के अनुसार, केदारनाथ मंदिर में करीब 400 मीटर पीछे मंदाकिनी नदी को पार कर चोराबाड़ी ताल के ठीक नीचे वाले क्षेत्र में गुफा का निर्माण किया गया है। 8 लाख की लागत से निर्मित गुफा में बिजली, पानी और शौचालय आदि की सभी व्यवस्थाएं उपलब्ध करवाई गई हैं। गुफा की लंबाई 5 मीटर और चौड़ाई 3 मीटर है। गुफा का निर्माण नेहरू पर्वतारोहण संस्थान के द्वारा किया गया है। इसके साथ ही गुफा के संचालन की जिम्मेदारी (जीएमवीएन) गढ़वाल मंडल विकास निगम को दी गई है। 

गुफा से बाबा केदार के होंगे साक्षात दर्शन 
जिलाधिकारी मंगेश घिल्डियाल ने जानकारी देते हुए बताया कि गुफा से केदारपुरी और केदारनाथ धाम के साक्षात दर्शन हो रहे हैं। डीएम ने बताया कि गुफा में दर्शन और ठहरने के लिए यात्रियों का अलग से पंजीकरण होगा। बता दें कि पीएम मोदी ने पिछले साल 5 योजनाओं के शिलान्यास के दौरान केदारपुरी में गुफा के निर्माण की बात कही थी। इसके साथ ही धाम में चल रहे पुनर्निर्माण कार्यों का लगातार मुख्यमंत्री और मुख्य सचिव के द्वारा जायजा लिया जा रहा है। 

Nitika